मेरठ। मेरठ कॉलेज में सोमवार को छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। प्रधानाचार्य के ऑफिस के नीचे आधा घंटे तक जमकर हाकी-डंडे चले। लहूलुहान तीन छात्रों को जमीन पर गिरते देख कॉलेज में भगदड़ मच गई। घायल छात्र की तहरीर पर लालकुर्ती पुलिस ने चार छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कंकरखेड़ा निवासी अनुराग चौधरी मेरठ कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। सोमवार सुबह दस बजे अनुराग अपने तीन साथी सचिन, राहुल और ओसियान के साथ प्रधानाचार्य के ऑफिस के सामने खड़ा था। तभी आधा दर्जन से अधिक सीनियर छात्र वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में वर्चस्व को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि सीनियर छात्रोें ने हाकी डंडों से जूनियर छात्रों की पिटाई कर दी।
लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सभी आरोपी फरार हो गए। घायल छात्रों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अनुराग को गंभीर चोटें आना बताया गया है। देर शाम पीड़ित पक्ष ने चार छात्र अंकित काकरान, अंकित सलारपुर, अंशुल गुर्जर और राहुल कस्तला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। लालकुर्ती एसओ का कहना है कि कार्रवाई की जाएगी।