- आईएमए के 1200 से ज्यादा चिकित्सकों के यहां मिलेगा लाभ
- मतदान के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से उठाया कदम
- मरीजों को 12 अप्रैल के दिन मिलेगा यह फायदा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। लोकसभा चुनाव में 11 अप्रैल को अपने मत का इस्तेमाल करने वाले लोगों का इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के 1200 से ज्यादा डॉक्टर 12 अप्रैल (शुक्रवार) को विशेष छूट पर इलाज करेंगे। इसके लिए मरीजों को उंगली पर मतदान का निशान दिखाना होगा। ओपीडी परामर्श में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी और खून व अन्य जांच में 20 प्रतिशत की।
आईएमए भवन में आईएमए मेरठ के अध्यक्ष डॉ. शिशिर जैन और सचिव डॉ. संदीप जैन ने मंगलवार को बताया कि ऐसा मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया है। सिर्फ शुक्रवार के दिन 12 अप्रैल को यह छूट रहेगी। आईएमए इससे पहले भी लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में इस तरह के लाभ दे चुका है। उन्होंने बताया कि मतदान करना लोकतंत्र का अधिकार है। इसे सभी को इस्तेमाल करना चाहिए। मतदाताओं को वोट डालने के लिए जागरूक करने के लिए सभी संस्थाएं, प्रशासन और सरकार अपने-अपने स्तर से कार्य कर रही हैं। ऐसे में आईएमए की भी जिम्मेदारी बनती हैं। लिहाजा यह निर्णय लिया गया है।