मंदिर में बाबा खाटू श्याम की प्राण प्रतिष्ठा
श्री खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति ने किया कार्यक्रम का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
श्री खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति की ओर से बुधवार को शहर दाल मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य यजमान निधि व नितिन अग्रवाल रहे। हवन पूजन के साथ विधि विधान से खाटू श्याम बाबा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। कोलकाता से आए फूलों से सेवक प्रशांत ने बाबा का शृंगार किया। बाबा को छप्पन भोग लगाया गया। इस दौरान बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।
शाम को शारदा रोड नारायण भवन से बैंडबाजों के साथ निशान यात्रा निकाली गई। इसमें 1500 निशान शामिल हुए। शोभायात्रा दिल्ली गेट, किशनपुरी, बागपत गेट, कबाड़ी बाजार होते हुए मंडी पहुंची। बाबा को निशान चढ़ाए गए। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, महामंत्री राधेश्याम अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष कमल नयन बिंदल, उपाध्यक्ष संदीप मित्तल, अशोक कुमार गुप्ता, संदीप गुप्ता, व्यवस्था प्रमुख विपिन गुप्ता, संयोजक घनश्याम अग्रवाल, गणेश अग्रवाल, राजेंद्र कुमार अग्रवाल आदि रहे।