जागा जल निगम, जल्द मिलेंगी सीवर जेटिंग मशीनें
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। पिछले साल खरीदी गई 10 सीवर जेटिंग मशीन 10 माह में भी नगर निगम नहीं पहुंची है। इसका खुलासा होने पर अब नगर निगम के जलकल विभाग की नींद टूटी है। जल कल विभाग 15 फरवरी तक हर कीमत पर सभी सीवर जेटिंग मशीनों को निगम में आपूर्ति कराने का दावा कर रहा है। वहीं सवाल है कि आखिर इतने दिन तक मशीनों की आपूर्ति क्यों नहीं की गई।
नगर निगम ने 10 सीवर जेटिंग मशीन खरीदने के लिए पिछले साल टेंडर प्रक्रिया की थी। सहारनपुर की एक कंपनी को टेंडर मिला था, लेकिन दस माह बीतने के बाद भी कंपनी नगर निगम जलकल विभाग को सीवर जेटिंग मशीन नहीं दी हैं। नियमानुसार कार्य आदेश में 15 दिन से एक माह के भीतर सामान की आपूर्ति करने की शर्त है। देरी करने पर ठेकेदार पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। दो दिन पहले ही अमर उजाला ने सीवर जेटिंग मशीनों के मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो अधिकारियों की कुंभकर्णी नींद टूटी। अब पांच दिन में सीवर जेटिंग मशीन की आपूर्ति करने का दावा किया जा रहा है।
मशीनें आए तो शुरू हो सीवर सफाई
सीवर जेटिंग मशीन की कमी के कारण शहर के सीवर साफ नहीं हो रहे हैं। इसका परिणाम है कि शहर के अधिकतर इलाकों में सीवर उफन रहे हैं।
----------
वर्जन...
जल्द आए जाएगी मशीन
सहारनपुर में जिस कंपनी में सीवर जेटिंग मशीनों के टैंक बनवाए जा रहे हैं उसके मालिक ने 15 फरवरी तक सभी मशीनों की आपूर्ति निगम को करने का आश्वासन दिया है। मशीनें आते ही शहर में सीवर सफाई कार्य शुरू कर दिया जाएगा। -सुनील सिंहल, अधिशासी अभियंता, जलकल नगर निगम