संत चार्ल्स इंटर कॉलेज के अनुशासन पर उठे सवाल पर प्रधानाचार्य ने अभिभावकों की मीटिंग बुलाई
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले भामौरी-नवाबगढ़ी के छात्रों के बीच विवाद का मामला गर्माता जा रहा है। इसके चलते कॉलेज प्रशासन ने मंगलवार को अनुशासन की बाबत अभिभावकों बैठक बुलाई। इसमें निर्णय किया कि यदि बच्चे की गलती करते तो विद्यालय प्रशासन उनके खिलाफ कार्रवाई करे।
संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले भामौरी एवं नवाबगढ़ी के बच्चों के बीच हाल ही में हुए विवाद से सांप्रदायिक तनाव बन गया था। इसमें पुलिस ने भामौरी निवासी सोनू की तहरीर पर 15 लोगों के खिलाफ नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में भामौरी में 36 बिरादरी की पंचायत बुलाई गई थी। इसके बाद ठाकुर चौबीसी की पंचायत तीन फरवरी को बुलाई जानी प्रस्तावित थी, लेकिन इसे टाल दिया। संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में अनुशासन को लेकर प्रधानाचार्य से एक प्रतिनिधिमंडल के मिलने का निर्णय भी लिया गया था।
इस पर कॉलेज के प्रबंधक रेब्रन ब्रदर टीटी मैथ्यू, प्रधानाचार्य रेब्रन ब्रदर एंटोनी सैमी, रेब्रन ब्रदर जोजी जोसफ उप प्रबंधक ने मंगलवार को उन बच्चों के अभिभावकों की मीटिंग बुलाई जिनका विवाद हुआ था। यहां प्रबंधन की तरफ से कहा गया कि अनुशासन विद्यालय की प्राथमिकता रही है। कुछ बच्चों के अभिभावकों द्वारा स्कूल में डांट देने का विरोध जताया जाता रहा है। इस पर भामौरी निवासी अभिभावक शिवओम शर्मा ने कहा कि अनुशासन का कोई भी अभिभावक विरोध नहीं करता है। वहीं, राजेेंद्र सिंह ने कहा कि अनुशासन के लिए अभिभावक कॉलेज प्रबंधन का पूर्ण सहयोग करते रहे हैं। वहीं, प्रधानाचार्य रेब्रन ब्रदर एंटोनी सैमी ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है। भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए अभिभावकों से भी विद्यालय के अनुशासन के लिए सहयोग चाहिए। जिस पर अभिभावकों ने पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। मीटिंग में ऐरोन गिल्बर्ट, संजय राणा, विनय त्यागी, जीए कुमार, अभिभावक शिवओम शर्मा, राजेंद्र सिंह, राजेश कुमार, आस मोहम्मद, जितेंद्र कौशिक, मनोज कुमार, शिवकुमार आदि शामिल रहे।