अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। नगर पालिका द्वारा करों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में नगर के व्यापारी कमर कसकर मैदान में उतर गए हैं। मंगलवार रात हुई बैठक में शीघ्र करों में कमी नहीं करने पर मवाना नगर के बाजारों को अनिश्चितकाल के लिए बंद किए जाने की चेतावनी दी गई। वहीं, बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला तथा स्थिति से अवगत कराया।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका द्वारा गृहकर आदि में बेतहाशा वृद्धि किए जाने से नगर के लोगों में भारी रोष है। इस संबंध में कई बार बैठक होने तथा विधायक दिनेश खटीक और चेयरमैन अय्यूब कालिया के आश्वासन के बाद भी करों में कोई कमी नहीं होने से व्यापारी वर्ग में आक्रोश है। चेयरमैन ने मंगलवार को व्यापारियों को वार्ता के लिए के लिए पालिका बुलाया था। जहां पर व्यापारियों की पालिका के प्रधान लिपिक से जमकर नोकझोंक होने पर व्यापारी उठकर चले आए थे। उन्होंने पालिका के बाहर जमकर नारेबाजी की थी।
इस प्रकरण में मंगलवार रात को डॉ. फराईम के आवास पर व्यापारियों की बैठक हुई। जिसमें सभी ने एक स्वर में यह निर्णय किया कि पालिका द्वारा की गई बेतहाशा कर वृद्धि को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि शीघ्र ही करों में कमी नहीं की तो अनिश्चितकालीन बाजार बंद करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। वहीं आज एक प्रतिनिधिमंडल डॉ. फराईम के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला तथा अवगत कराया कि पालिका द्वारा पांच सौ प्रतिशत टैक्स की वृद्धि की जा रही है। यह बर्दाश्त से बाहर है। डॉ. फराईम ने बताया कि इस संबंध में डीएम ने एडीएम प्रशासन को जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, आगामी रणनीति के लिए 11 जनवरी को फिर से बैठक आहूत की गई है। मंगलवार रात की बैठक में मुकुल रस्तोगी, कैलाश कौशिक, विनय कुमार, विनय दुबलिश, गोपाल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अमीर आजम, दीन मोहम्मद आदि उपस्थित थे।
मुख्य बातें
व्यापारियों ने बैठक करके दी बाजार बंद करने की चेतावनी