बदमाशों के दुस्साहस का ग्रामीणों ने दिया मुंहतोड़ जवाब
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। बदमाशों के दुस्साहस का गांव तुरमतखेड़ी के ग्रामीणों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। सोमवार शाम कार और बुलेट पर सवार होकर पहुंचे नौ-दस बदमाशों ने फायरिंग की तो गांव में दहशत फैल गई। अफरातफरी के बीच ग्रामीणों ने साहस दिखाया और एक जुट होने लगे। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में ग्रामीणों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी तो बदमाश भागने लगे। एक बदमाश को पकड़कर ग्रामीणों ने पीट पीट कर मार डाला तो एक दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। देर रात तक ग्रामीण पुलिस के साथ खेत में छिपे बदमाशों की घेराबंदी किए हुए थे।
सोमवार देर रात तक गांव तुरमतखेड़ी और ढाकदेई के ग्रामीण उस ईख के खेत की घेराबंदी किए हुए हैं, जिसमें भागकर बदमाश छिपे थे। ग्रामीणों का कहना है कि खेत में महिला सहित चार बदमाश छिपे हुए हैं। मौके पर रामपुर मनिहारान, नानौता, बड़गांव, नकुड़ थानों की पुलिस के अलावा पीएसी ने मोर्चा संभाला लिया है। अन्य बदमाशों की तलाश में भी कांबिंग की जा रही है। रात हो जाने के कारण भी कांबिंग में मुश्किलें आ रही है। फरीद के भाई मुनव्वर ने बताया कि जिन बदमाशों ने उनके घर पर आकर हमला किया है वह मुकीम काला गैंग से जुड़े हैं। उन्होंने उनके भाई खालिद की 21 अप्रैल वर्ष 2014 को घर पर आकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना में तीन बदमाश जेल में बंद है। उसने कहा कि अभी हाल में उसने जेल में बंद बदमाशों के खिलाफ गवाही दी है। इसी पुरानी रंजिश के चलते आज बदमाशों ने एक महिला को साथ लेकर घर पर आकर फरीद सहित अन्य परिवार वालों को जान से मारने का प्रयास किया।
गवाही से रोकने के लिए लगातार मिल रही थी धमकी
सहारनपुर। हत्या के मामले में गवाही से रोकने के लिए फरीद और उसके भाई मुन्नवर व परिवार को काफी समय से हत्या की धमकियां मिल रही थी। उन पर गवाही न देने का पूरा दबाव बनाया गया था।
लूट एवं हत्या के आरोप में फरीद गया था जेल
पुलिस के अनुसार फरीद भी आपराधिक प्रवृत्ति का है और कुछ दिन पूर्व ही जमानत पर जेल से छूटकर आया है। उसे हत्या एवं लूट के आरोप में जेल भेजा गया था। जेल से बाहर आते ही बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
तीतरो का रहने वाला है पकड़ा गया बदमाश
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश अफगान कला तीतरो निवासी सुफियान है, जबकि मारे गए बदमाश की शनाख्त अभी नहीं हो सकी है। उसका शव लाया जा रहा है। पकड़े गए बदमाश से उसकी शनाख्त कराई जाएगी।