मेरठ। चर्चित सावित्री हत्याकांड में चश्मदीद गवाह सावित्री के पुत्र मितन के सोमवार को स्पेशल जज एससी/एसटी एक्ट मानवेंद्र सिंह की अदालत में बयान पूरे कराए गए।
सरूरपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर रजापुर निवासी मितन ने बयानों में कहा कि उसकी मां सावित्री की हत्या जेल में बंद सुमित जाट आदि ने षड्यंत्र करके की है। साल 2016 में मितन के भाई चेतन की आरोपियों ने हत्या कर दी थी। जिसमें सुमित जाट सहित कई आरोपी थे, जिसकी सुनवाई अदालत में चल रही थी। चेतन हत्याकांड में बयान दर्ज कराने के लिए चश्मदीद गवाह चेतन की मां सावित्री और मितन बार-बार चक्कर लगा रहे थे। परंतु बयान नहीं हुए और सावित्री की हत्या तीन फरवरी 2018 को कर दी गई।
सावित्री की हत्या में मितन ने सुमित जाट, जगवीर, अतुल, अंकित, विपिन, अशोक, प्रकाश सहित 14 लोगों को आरोपी बनाया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया। विगत मंगलवार को सावित्री का बेटा मितन भारी सुरक्षा में कचहरी में लाया गया था। लेकिन बयान नहीं हुए थे। सोमवार को जिरह पुन: शुरू हुई और देर शाम तक चली। अभियोजन अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि मितन के बयान पूरे हो चुके हैं। अब अगले गवाह को बुलाया जाएगा।
कचहरी में मितन को फिर धमकी
मेरठ। भरी कचहरी में सोमवार को पुलिस कस्टडी में हत्यारोपी विपिन और रवि ने चश्मदीद गवाह मितन को धमकी दी। मितन ने इसकी शिकायत एक अधिकारी से करने की बात कही है। मितन ने आरोप लगाते हुए बताया कि कुख्यात सुमित जाट के इशारे पर आरोपियों ने मुझको धमकी दी और जाति सूचक शब्द कहे। आरोप है कि हत्यारोपी पेशी पर बार-बार धमकी देते हैं। इसके बावजूद भी पुलिस उन पर शिकंजा नहीं कसती। इसको लेकर कई चर्चाएं भी हैं।