मुसीबत बना साढ़े बारह घंटे का ब्लाक, दर्जनों ट्रेनें ठप
मेरठ। रोहटा रोड रेलवे फाटक पर पुलिया निर्माण के लिए मंगलवार को लिया गया मेगा रेलवे ट्रैफिक ब्लाक मुसीबत बन गया। दर्जनों ट्रेन बंद होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। सात घंटे का घोषित ब्लाक साढ़े बारह घंटे तक पहुंच गया। इसके चलते शालीमार मुरादनगर, उत्कल परतापुर स्टेशन और नौचंदी व संगम एक्सप्रेस सिटी स्टेशन पर खड़ी रहीं। रेल संचालन रात 10:30 बजे सामान्य हो सका।
रेलवे ने रोहटा रेल फाटक पर पुलिया निर्माण और मंसूरपुर में मरम्मत कार्य के लिए सुबह 10:05 बजे से शाम 05:05 बजे तक ट्रैफिक ब्लाक लिया था। इसके चलते जालंधर-नई दिल्ली सुपर एक्सप्रेस, नई दिल्ली-अमृतसर पैसेंजर, अंबाला-दिल्ली पैसेंजर, नई दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर, आनंद विहार मेरठ एमईएमयू, खुर्जा-मेरठ पैसेंजर, दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर, दिल्ली-मुरादाबाद पैसेंजर निरस्त रही। देहरादून-उज्जैन एक्सप्रेस को रूट डायवर्ट कर वाया टपरी-शामली, नई दिल्ली-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस को शामली-टपरी रूट से चलाया गया।
वहीं, अंबाला-दिल्ली एमईएमयू सहारनपुर-दिल्ली के बीच रद्द रही। दिल्ली-अंबाला एमईएमयू दिल्ली-सहारनपुर के बीच रद्द रही। ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर सहारनपुर-दिल्ली के बीच रद्द रही और कालका-दिल्ली पैसेंजर सहारनपुर-दिल्ली के बीच रद्द रही। स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि कार्य पूरा होने पर ट्रेनों का आवागमन सामान्य कर दिया गया।
यात्री बैरंग लौटे
रेलवे ब्लाक की सूचना के बाद भी सुबह से शाम तक यात्रियों की भीड़ सिटी स्टेशन पर पहुंचती रही। यहां ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी मिलने पर लोगों ने रोडवेज बसों का सहारा लिया। इसके चलते रोडवेज पर बाकी दिनों की अपेक्षा ज्यादा भीड़ रही।
3.39 करोड़ से हुआ पुलिया निर्माण
इस पुलिया का निर्माण करीब 3.39 करोड़ रुपये में हुआ है। जो एमडीए ने रेलवे को मुहैया कराई थी। पुलिया निर्माण कार्य फ्लाईओवर के साथ वर्ष 2014 में ही होना था। लेकिन यह मामला जिला प्रशासन और रेलवे के बीच कागजों में अटका रहा। पुलिया की लड़ाई लड़ रहे समाजसेवी दुष्यंत रोहटा की शिकायत पर मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने रेलवे अधिकारियों को मानसून से पहले पुलिया निर्माण के लिए पत्र लिखा था।
34 कालोनियों को होगा फायदा
दुष्यंत रोहटा ने बताया कि बरसाती पानी की निकासी नहीं होने से रोहटा रोड की करीब 34 कालोनियों में जलभराव हो जाता है। रेलवे फाटक के नीचे से पुलिया का निर्माण होने पर अब इन कालोनियों में जलभराव नहीं होगा। बशर्ते नगर निगम पानी का ज्वाइंट जल्द कर दे। इसके लिए नगरायुक्त व महापौर से मिला जाएगा।
गलत लोकेशन से हुई देरी
पुलिया निर्माण में लगी रेलवे टीम नाले की सही लोकेशन नहीं जान सकी और खुदाई करती रही। काफी मशक्कत के बाद भी नाला नहीं मिलने पर स्थानीय अधिकारियों की मदद ली गई तो उन्होंने नाले की सही लोकेशन टीम को बताई। इसके बाद ही टीम जेसीबी से नाले तक खुदाई कर सकी।
खास बातें:
- रोहटा फाटक पर पुलिया निर्माण के लिए सुबह दस से शाम पांच बजे तक लेना था सात घंटे का ब्लाक
- नहीं निपटा कार्य, रेलवे आगे बढ़ाता रहा ब्लाक, कई ट्रेनें रास्ते में और सिटी स्टेशन पर फंसी रही