बाल श्रम के खिलाफ सभी को लड़ना होगा
मेरठ। मोहकमपुर स्थित आईआईए मेरठ चैप्टर में अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम विरोध दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी विजय शंकर तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। सहायक श्रमायुक्त मुकेश कुमार दीक्षित ने कहा कि बाल श्रम सामाजिक आर्थिक समस्या है, जिसके खिलाफ हम सभी को मिलकर लड़ना होगा। श्रम प्रवर्तन अधिकारी हेमंत कुमार ने कहा कि शिक्षा के प्रचार-प्रसार से ही बाल श्रम को खत्म किया जा सकता है। बताया कि श्रम चिह्निकरण एवं कार्रवाई के लिए टास्क फोर्स गठित की गई। बाल श्रम होने की अवस्था में श्रम विभाग, उप श्रमायुक्त कार्यालय एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सूचना दे सकते हैं। आईआईए के कार्यकारी निदेशक हरेंद्र आत्रेय, अधिवक्ता तेजेंद्र सिंह चौहान, श्रम प्रवर्तन अधिकारी छत्रसाल बरनवाल, सुभाष भारती, शिवनारायण आदि मौजूद रहे।