ढाई साल बाद जगी सपने पूरे होने की उम्मीद
मेरठ। आखिर ढाई साल इंतजार के बाद युवाओं का यूपी पुलिस में जाने का सपना पूरा होने जा रहा है। कोर्ट की हरी झंडी के बाद मंगलवार से कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई। मेरिट में सलेक्ट 925 युवाओं का पुलिस लाइन में मेडिकल टेस्ट होगा। प्रत्येक दिन 100 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। मंगलवार को टेस्ट के लिए पहुंचे युवाओं के चेहरे खिले नजर आए।
वर्ष 2015 में अखिलेश सरकार के दौरान प्रदेश में सिपाहियों के 34,716 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। प्रदेश में पहली बार लिखित की बजाय मेरिट आधार पर ये भर्ती होनी थी, लेकिन भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने इसका विरोध करते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया लटक गई। इस साल मार्च में हाईकोर्ट द्वारा भर्ती प्रक्रिया को हाईकोर्ट की हरी झंडी मिलने के बाद शासन ने मई में इसका परिणाम घोषित कर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी। मंगलवार से मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट शुरू हुआ। परीक्षा के मंडलीय पर्यवेक्षण अधिकारी एसपी क्राइम शिवराम यादव के अनुसार मेरठ में कुल 925 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण होगा। इसमें 600 हरियाणा और 14 दिल्ली के अभ्यर्थी भी शामिल हैं। प्रतिदिन 100 अभ्यर्थियों को बुलाया जा रहा है। मंगलवार को मेडिकल टेस्ट को पहुंचे युवा काफी खुश थे।
हम भी जल्द बनेंगे यूपी पुलिस के जवान
पांची के ऋषभ त्यागी ने बताया कि ढाई साल से ये मामला कोर्ट में था। वे तो इस भर्ती की उम्मीद ही छोड़ चुके थे, लेकिन कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद अब उम्मीद जगी है कि उनका पुलिस में भर्ती होने का सपना जल्द पूरा होगा। हर्रा के मारुफ ने कहा कि पहली बार बिना परीक्षा मेरिट पर भर्ती निकली थी। उसकी मेरिट अच्छी थी। दौड़ भी अच्छी हुई, उम्मीद थी कि दौड़ और मेरिट पर उसका नंबर जरूर आएगा, लेकिन कोर्ट में मामला लटकने से वो मायूस हुआ, लेकिन उम्मीद थी कि एक दिन मेहनत सफल होगी। फलावदा क्षेत्र के रसूलपुर गांव के सनी चौधरी का कहना था कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद यूपी सरकार ने भी भर्ती प्रक्रिया तेजी से शुरू की है। मेरिट भी जल्द जारी कर दी और अब मेडिकल भी शुरू हो गए। उन्हें उम्मीद है कि जल्द वो पुलिस का जवान बन जाएगा। हर्रा का साजिद बहुत खुश था। उसने कहा कि उसकी मेरिट अच्छी थी, दौड़ में भी अच्छे नंबर थे, लेकिन भर्ती लटकने से वो बहुत परेशान था, लेकिन कोर्ट के फैसले के बाद अब उसे पूरी उम्मीद है कि वो जल्द यूपी पुलिस में होगा।
खास बातें:
- यूपी कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई
- मेरिट में चयनित 925 युवाओं का मेरठ पुलिस लाइन में होगा मेडिकल