मेरठ। होली के मौके पर बड़े स्तर पर नमकीन और मिठाइयां बनाई जा रही हैं। इनमें मिलावट होने का भी संदेह है। लिहाजा खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम जिले में छापामारी कर रही है। इसी कड़ी में बुधवार को एफएसडीए की टीम ने पांच स्थानों पर दूध, नमकीन, पनीर और मिठाई के नमूने लिए। इस दौरान गंदगी में बनती मिली 148 किलो नमकीन भी सीज कर दी गई।
अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मोहकमपुर औद्योगिक एरिया में मिक्सचर नमकीन, नमकीन मटर और लाला जी नमकीन के सैंपल लिए और 148 किलो नमकीन सीज कर दी। नमकीन बनाने के दौरान गंदगी थी और सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा था।
इसके अलावा टीम ने जाकिर कालोनी से चमचम के नमूने लिए। वहीं, भोला झाल, भोला रोड और नंगला कुंभा में छापामारी कर मिश्रित दूध के चार, क्रीम और पनीर का एक-एक नमूना लिया, जिन्हें जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।