11 मार्च को नौचंदी मेले का उद्घाटन, कार्यों पर रार
मेरठ।
नौचंदी मेले का उद्घाटन 11 मार्च को होगा। वहीं मेला परिसर में पटेल मंडप, महापुरुषो की प्रतिमा, दुकानें, द्वार आदि की रंगाई पुताई और सड़क निर्माण के कार्य शुरू होने से पहले ही रार शुरू हो गई है। जहां नगर निगम प्रशासन ने सभी कार्य कराने के लिए ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है वहीं महापौर सुनीता वर्मा ने टेंडर निरस्त करने के लिए चीफ इंजीनियर को पत्र लिखा। इस पर मंगलवार को नगर निगम अधिकारियों ने एक दूसरे को पत्र व्यवहार तो किया, लेकिन टेंडर निरस्त करने पर कोई निर्णय नहीं लिया।
मैदान में फैली गंदगी
नौचंदी मैदान में हर ओर गंदगी फैली है। पूर्व में कमिश्नर ने मेला मैदान में गंदगी पर एक सफाई इंस्पेक्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई थी। कमिश्नर की इस कार्रवाई से भी निगम अधिकारी व कर्मचारियों ने सबक नहीं लिया। मेले लगने का समय आ गया है, लेकिन सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई है।
22 को होगी मेला कमेटी की बैठक
नौचंदी मेला कमेटी की बैठक 22 फरवरी को मेला परिसर स्थित पटेल मंडप में होगी। इसको लेकर अपर नगरायुक्त अलीहसन कर्नी ने अधिकारियों को साथ लेकर पटेल मंडप का निरीक्षण किया। मेला कमेटी में जिला प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
ये है नौचंदी मैदान का हाल
महापुरुषों की प्रतिमाओं पर न रंगाई पुताई और न ही सफाई।
पटेल मंडप में बाथरूम और अन्य कार्यों को मरम्मत का इंतजार।
चोरी कर ली गई लोहे की ग्रिल।
मेला मैदान की बाउंड्री का भी अधूरा पड़ा है काम।
मेला परिसर की टूट चुकी हैं सड़कें।
पटेल मंडप और सभी द्वार व दुकानों की भी नहीं हुई रंगाई पुताई।
मेला परिसर में पानी और शौचालय की नहीं है व्यवस्था।
प्रत्येक कार्य के लिए कराएंगे ई-टेंडरिंग
चीफ इंजीनियर कुलभूषण वार्ष्णेय ने कहा कि करीब 42 लाख के कार्याें के लिए टेंडर निकाले हुए हैं। लेकिन महापौर ने पत्र जारी करके टेंडर निरस्त करने को कहा है। उन्होंने नगरायुक्त को अंतिम निर्णय लेने के लिए पत्र लिख दिया है। टेंडर निरस्त करने का अधिकार नगरायुक्त के पास है। इतना जरूर है कि ई-टेंडरिंग से ही नौचंदी मेले के कार्य कराएंगे।
महापौर के पत्र का हवाला देते हुए चीफ इंजीनियर का पत्र प्राप्त हो चुका है। नौचंदी मेले के लिए निकाले गए टेंडर को निरस्त करने के लिए अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। मेला उद्घाटन के लिए कम समय बचा है। - मनोज कुमार चौहान, नगरायुक्त।