अवैध खनन पर कराई एफआईआर
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पचपेड़ा में हो रहे अवैध खनन की शिकायत मिलने पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के निर्देश पर हुई जांच में मामला सही पाया गया। जांच में अवैध खनन पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पचपेड़ा निवासी बादशाह अली ने मंडलायुक्त के यहां शिकायत की थी। जिस पर हुई जांच में पाया गया कि इलियास के खेत से 3310 घन मीटर मिट्टी का अवैध खनन हुआ है। खेत मालिक द्वारा बताया गया कि उक्त खनन करने के मामले में गोकलपुर निवासी शहजाद पुत्र जियाउलहक और फैसल पुत्र मेहराज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस मामले में अपर जिलाधिकारी वित्त के निर्देश पर भावनपुर थाने में खनन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही खेत मालिक को अलग से नोटिस जारी किया जा रहा है।