- सर्दी शुरू होते ही विभाग ने शुरू कर दिया मेंटीनेंस कार्य
- फाल्ट नहीं हो रहे समय से ठीक, लोगों को नहीं मिलती घंटो बिजली
मेरठ। मेंटीनेंस व फाल्ट के नाम पर शहर में बिजली कटौती रूक नहीं रही है। आदेश के बाद भी शेड्यूल का पालन नहीं हो पा रहा है। रविवार को जहां केबल में फाल्ट होने पर 7 घंटे बिजली गुल रही थी, वहीं सोमवार को वीसीबी बदलने के चलते बेगमपुल बिजलीघर की बत्ती दस घंटे तक गुल रही थी। मंगलवार को भी आधा दर्जन बिजलीघरों में बिजली कटौती रही।
शासन ने शहर में 22 से 24 व गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश दिए हुए हैं। ट्रांसमिशन से भी इसी शेड्यूल अनुसार बिजलीघरों को बिजली आपूर्ति की जा रही है। लेकिन बिजलीघरों से घरों तक पूरी बिजली नहीं पहुंच पा रही है। सर्दी बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग में भी बढ़ोतरी होने लगी है। लेकिन मांग अनुसार बिजली लोगों को नहीं मिल पा रही है। सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए आए दिन वीसीबी बदलने, ट्रांसफार्मर लगाने और जर्जर तारों व खंभों आदि को बदलने के लिए कहीं न कहीं मेंटीनेंस कार्य चलता रहता है। जिसके चलते ट्रांसमिशन से शटडाउन लेना पड़ता है। रविवार को 33 केवी केबल के केबल लिंक ज्वाइंट में फाल्ट होेने से टीपीनगर और माधवपुरम बिजलीघर को सात घंटे बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी थी। वहीं सोमवार को 33 केवी बेगमपुल बिजलीघर की दो वीसीबी बदलने के लिए शटडाउन लिया गया था। इसके चलते क्षेत्रवासियों को दस घंटे बाद ही बिजली मिल सकी थी। मंगलवार को भी आधा दर्जन बिजलीघरों लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड, नौचंदी, हापुड़ रोड, लेडीज पार्क और टाउन हाल आदि बिजलीघर क्षेत्रों में फाल्ट आदि के चलते तीन से चार घंटे बिजली प्रभावित रही। अधीक्षण अभियंता शहर संजय अग्रवाल ने बताया कि सिस्टम को दुरुस्त करने या कोई बिजली उपकरण बदलने के लिए शटडाउन लेना पड़ता है। लाइनों में फाल्ट आदि होने पर ही बिजली कटती है। ट्रांसमिशन से मिलने वाली बिजली को हर हाल में उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है।