मेरठ। शहर में दिल्ली रोड को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस अफसरों ने प्लान तैयार कर लिया है। इसी सप्ताह ट्रैफिक का पूरा प्लान मंडलायुक्त के पास भेजा जाएगा। निकाय चुनाव के बाद इस पर मंथन हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस के अफसरों का कहना है कि दिल्ली रोड पर जाम से निजात तभी मिल सकती है जब या तो रोडवेज बस अड्डे को शहर से बाहर करे या फिर कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से बसों को डायवर्ट किया जाए। ट्रैफिक पुलिस के प्लान से जाम से राहत तो मिलेगी, लेकिन दूरी बढ़ने से यात्रियों पर किराये का बोझ भी बढे़गा।
जाम की बड़ी समस्या बस अड्डों का शहर में बीचों बीच होना है। भैसाली बस अड्डे के बाहर तो सारा दिन जाम रहता ही है, इसके साथ साथ इन बसों के कारण दिल्ली रोड पर भी जाम लगता है। ट्रैफिक पुलिस का प्लान है कि दिल्ली रोड से बसों को डायवर्ट कर दिया जाये। दिल्ली रोड पर जाम के दस प्वाइंट हैं उनमें जली कोठी चौराहा, केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा, दिल्ली चुंगी, ट्रांसपोर्ट नगर गेट, मंडी गेट, बिजली बंबा तिराहा, रिठानी और परतापुर तिराहा।
कुछ समय तक ही होगी परेशानी
जिस प्लान पर ट्रैफिक पुलिस काम कर रही है। उस प्लान से कुछ स्थानों पर यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। यात्रियों को बस पकड़ने के लिए भैसाली बस अड्डे पर जाना पड़ेगा। वहीं नए प्वाइंटों पर भी ट्रैफिक पुलिस की परेशानी बढ़ेगी। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यदि भैसाली बस अड्डा लोहियानगर में शिफ्ट होगा तो यात्रियों को शहर से बाहर बस के लिए जाना पड़ेगा। यही परेशानी रूट डायवर्जन में हो सकती है। लेकिन जाम से तो निजात मिल सकती है।
मीटिंग में उठ चुका है बस अड्डे का मुद्दा
एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई का कहना है कि पिछले माह मंडलायुक्त के साथ मीटिंग में भैसाली बस अड्डे को लोहियानगर में शिफ्ट करने की बात उठी थी। रोडवेज के अधिकारी चुप्पी साध गए। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि पहला विकल्प यह है कि रोडवेज बस अड्डा शहर से बाहर लोहियानगर में शिफ्ट हो। दूसरे विकल्प में दिल्ली रोड से बसों के डायवर्जन का रहेगा। इन दोनों विकल्पों से ही दिल्ली रोड पर जाम से निजात मिल सकती है।
कोट
अभी तक हमारे पास ट्रैफिक पुलिस का प्लान नहीं आया है। कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से बस जाएंगी तो दूरी के साथ यात्रियों पर किराए का बोझ भी पड़ेगा।
एसके बनर्जी, आरएम रोडवेज