किसानों के बिना नहीं हो सकता देश का विकास
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा मेरठ के प्रभारी मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शुक्रवार को मेरठ जनपद के पांच हजार किसानों को ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों के बिना देश व प्रदेश विकास नहीं कर सकते हैं। देश की विकास दर में कृषकों की खुशहाली और फसल उत्पादन अहम है।
विक्टोरिया पार्क मैदान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सिद्धार्थ नाथ सिंह ने किया। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फसल ऋण मोचन योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता में है, इसलिए वह इस योजना की स्वयं लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना किये जाने का विजन दिया है। इसके लिए प्रदेश सरकार की वर्तमान फसली ऋण योजना एक प्रमुख पहल है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ऋण मोचन किसानों के विकास के लिए स्थाई उपाय नहीं हैं, इससे महत्वपूर्ण किसानों की मूल आवश्यकता बिजली, खाद व पानी को उपलब्ध कराना है। उन्हाेंने कहा कि बिजली की निर्बाध आपूर्ति देने के लिये बिजली का ढांचा दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश डार्क जोन में होने के कारण भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। जिसको देखते हुए सरकार द्वारा ड्रिप योजना में कृषकों को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
घोषणाओं को पूरा कर रही सरकार
संासद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि ऋण मोचन कार्यक्रम सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का हिस्सा है। विधायक ठा. संगीत सोम ने कहा कि विपक्षी दलों और भाजपा में यही फर्क है कि उनके घोषणा पत्र में सिफ घोषणाएं होती थीं, जबकि भाजपा उन्हें पूरा कर रही है। इस दौरान विधायक डॉ सोमेंद्र तोमर, दिनेश खटीक, सत्यवीर त्यागी, जितेंद्र पाल सिंह सतवाई, जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिह ने भी विचार रखे। मौके पर मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार, एसएसपी मंजिल सैनी, सीडीओ आर्यका अखौरी, एडीएम सिटी मुकेश चंद्र, एडीएम वित आनंद कुमार शुक्ला, ज्ञान प्रकाश यादव, एसडीएम सदर संतोष बहादुर, मवाना अंकुर श्रीवास्तव, सरधना राकेश कुमार, जिला विकास अधिकारी अतुल मिश्रा, परियोजना निदेशक भानू प्रताप सिंह, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, जिला पंचायत सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला, सुनील भराला, पूर्व एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल, जगत सिंह, अजीत चौधरी आदि मौजूद रहे।
1.23 लाख किसान हुए चयनित
कार्यक्रम में जिलाधिकारी समीर वर्मा ने बताया कि फसल ऋण मोचन योजना के तहत जनपद के 1,23,217 सीमांत किसानों को चुना गया है, जिसमें 39,316 किसान के आधार कार्ड बैंक से लिंक हो गए हैं। पहले चरण में 13,740 किसानों में से पांच हजार को प्रमाण पत्र वितरित किए गए हैं। बाकी पात्र किसानों को शीघ्र ही प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
खास बात
विक्टोरिया पार्क में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने दिए ऋण मोचन प्रमाण पत्र