मेरठ। सरकार ने घुटना प्रत्यारोपण की अधिकतम कीमतें तय कर दी हैं। अब कम कीमत में घुटना प्रत्यारोपण हो जाएगा।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि भगत ने बताया कि मेरठ में तीन बड़े अस्पतालों में ही घुटना प्रत्यारोपण की व्यवस्था है। इन तीनों में हर माह 15-20 घुटना प्रत्यारोपण हो जाते हैं। अभी तक घुटना प्रत्यारोपण की कीमत अमूमन दो से ढाई लाख रुपये तक ली जाती है। लेकिन अब इसकी कीमत घटकर एक से सवा लाख रुपये हो जाएगी। इससे ऐसे लोगों को फायदा होगा जो ज्यादा कीमत की वजह से घुटना प्रत्यारोपण नहीं करा पाते थे। इससे शहर में अब घुटना प्रत्यारोपण ज्यादा हो पाएंगे। ऐसे काफी लोग रह जाते हैं, जो पैसे के अभाव में प्रत्यारोपण नहीं करा पाते थे।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. वीरोत्तम तोमर ने बताया कि घुटना दर्द बुजुर्गों में होने वाली बड़ी बीमारी है। 60 साल के बाद औसतन करीब 15 प्रतिशत मरीजों में घुटना बदलने की जरूरत होती है। महंगा होने के कारण मरीज ऑपरेशन नहीं करा पाते हैं। कीमत में कमी होने से मरीजों को राहत मिलेगी। दूसरी तरफ, मेडिकल सूत्रों का कहना है कि घुटना प्रत्यारोपण में भी सस्ते और ब्रांडेड वाला प्रत्यारोपण होता है। ब्रांडेड प्रत्यारोपण अभी भी उसी कीमत में होगा। गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में सरकार ने स्टेंट की कीमतें 85 प्रतिशत कम कर दी थीं।