अतिक्रमण हटा तो हापुड़ अड्डा हुआ जाम मुक्त
पुलिस ने हटाया अतिक्रमण, जेसीबी से चौकी को भी किया ध्वस्त
एसएसपी ने खुद फोर्स के साथ पहुंचकर की कार्रवाई, अन्य चौराहों पर भी चला अभियान
(खबर का असर)
मेरठ। शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए शुक्रवार को पुलिस अफसर सड़कों पर उतर आए। हापुड़ अड्डा चौराहे पहुंचे एसएसपी ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए। जिसके बाद जेसीबी से वहां बनी पुलिस चौकी को भी ध्वस्त कर दिया गया।
अमर उजाला लगातार शहर की जाम की समस्या को प्रमुखता से उठा रहा है। शुक्रवार सुबह एसएसपी जे. रविंदर गौड़ हापुड़ अड्डा चौराहे पर पहुंचे और एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी, सीओ कोतवाली रणविजय सिंह, एसओ कोतवाली, एसओ सिविल लाइन और ट्रैफिक पुलिस को बुलाकर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इसके बाद सीओ कोतवाली ने जेसीबी से हापुड़ अड्डे के पास सड़क किनारे अवैध तरीके से बनी पुलिस चौकी को तुड़वा दिया। इसके बाद हापुड़ रोड, भगत सिंह मार्केट पर सड़क के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटवाया। एसएसपी ने कहा कि यदि दोबारा से किसी ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया तो पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजेगी।
हापुड़ अड्डा
हापुड़ अड्डा चौराहा पर शुक्रवार को लोगों को जाम से निजात मिली। सीओ ट्रैफिक मोनिका यादव और टीएसआई दीनदयाल दीक्षित ने चौराहे से 50 मीटर तक ई-रिक्शा, ऑटो पर रोेक लगाते हुए बैरियर लगवा दिए। साथ ही ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि यदि चौराहे पर कोई भी वाहन अवैध तरीके से खड़ा मिले तो सीधे सीज कर थाने भेजे। चौराहे के पास जहां पुलिया निर्माण चल रहा है वहां बैरियर लगाकर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई है।
बेगमपुल चौराहा
बेगमपुल चौराहे पर सीओ ट्रैफिक मोनिका यादव ने पहुंचकर सड़क पर खड़े होने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को हटवाया। आबूलेन की तरफ से आने वाले वाहन जो रांग साइड से चौराहे पर पहुंचते हैं उनके लिए एक ट्रैफिक पुलिस की अलग से ड्यूटी लगाई गई है।
रेलवे रोड चौराहा
ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि रेलवे रोड चौराहे पर जो भी वाहन लालबत्ती पार करता है तो फोटो चालान काटा जाए। साथ ही अवैध तरीके से कोई वाहन सड़क पर नहीं रुके।
मेट्रो प्लाजा
मेट्रो प्लाजा चौराहे पर दोपहर को जाम की स्थिति बनी तो शाम को खुद सीओ ट्रैफिक ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश देकर अवैध वाहनों को सड़क किनारे से हटवाया। सीओ ट्रैफिक ने बताया कि मेट्रो प्लाजा और बागपत अड्डे पर जल्द ही ट्रैफिक की ड्यूटी लगाई जाएगी।