मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने मेरठ और सहारनपुर मंडल के एडेड, राजकीय और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों की एडमिशन प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान कर दिया है। ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर में एडमिशन के लिए 22 जून को एडमिशन पोर्टल ओपन कर दिया जाएगा। सात जुलाई तक रजिस्ट्रेशन होंगे। एक मोबाइल नंबर और एक ईमेल आईडी से अधिकतम छह कॉलेजों के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। मदद के लिए हेल्प लाइन तैयार की गई है। वह कॉल सेंटर की तरह काम करेगी। आवेदकों की समस्याओं को दूर करने के लिए हेल्प लाइन नंबर जारी किया जाएगा। पहली मेरिट 10 जुलाई को आने की संभावना है।
सीसीएसयू ने सोमवार को सत्र 2017-18 में एडमिशन प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जारी कर दिया। यूजी और पीजी कोर्स में एडमिशन के लिए 22 जून से रजिस्ट्रेशन शुरू होकर सात जुलाई तक चलेंगे। रजिस्ट्रेशन फीस 100 रुपये रखी गई है। 100 रुपये में छह कॉलेजों में रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। पहले अधिकतम तीन कॉलेजों में रजिस्ट्रेशन करने पर सहमति बनी थी। प्रिंसिपलों के साथ बैठक के बाद विवि ने बढ़ाकर पिछले साल की तरह छह कर दिया। रजिस्ट्रेशन फार्म हिंदी और अंग्रेजी दोनों में भरा जा सकेगा। रजिस्ट्रेशन शुरू करने से पहले इंटरमीडिएट के रिजल्ट के लिंक का इंतजार चल रहा था। विवि को यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के रिजल्ट का लिंक मिल गया है। जिससे रजिस्ट्रेशन के दौरान भरे गए अंक का सत्यापन किया जा सकेगा। प्रवेश समन्वयक प्रो. वाई विमला का कहना है अभ्यर्थी अधिकतम छह कॉलेजों में रजिस्ट्रेशन कर सकेगा। रजिस्ट्रेशन करने से पहले एडमिशन पोर्टल पर दिए गए दिशा निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ लें। मेरिट की संख्या चार रहेगी। एक और दो मेरिट देने के बाद दो ओपन मेरिट जारी की जाएंगी। एलएलबी तीन साल के कोर्स और पैरा मेडिकल कोर्सेज में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन की डेट बाद में घोषित की जाएगी।
हेल्प लाइन कॉल सेंटर का काम करेगी
विवि की योजना इस बार हेल्प लाइन को कॉल सेंटर की तरह मदद देने की है। एक बार में आठ कॉल को एक साथ रिसीव किया जा सकेगा। साथ के साथ सिस्टम पर फार्म खोलकर समस्या दूर करने की बात कही जा रही है। यह सेंटर गुप्त जगह पर रहेगा, ताकि छात्र डिस्टर्ब न कर सकें।
चुनौती भी कम नहीं
विवि ने एडमिशन पूरे करने का जो खाका तैयार किया है, उसमें चुनौती भी कम नहीं है। यूजी और पीजी कोर्स की एडमिशन प्रक्रिया एकसाथ चलेगी। सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में भी साथ ही मेरिट जारी की जाएगी। आमतौर पर एडेड और राजकीय कॉलेजों की सीट भरने के बाद अभ्यर्थी प्राइवेट कॉलेजों में जाते हैं। एकसाथ मेरिट जारी करने और कम मेरिट के फार्मूला कितना कामयाब रहता है यह देखने वाली बात है।
10 या 11 जुलाई को पहली मेरिट
विवि की तैयारी जिस हिसाब से चल रही है उसके मुताबिक पहली मेरिट 10 या 11 जुलाई को आ सकती है। विवि का लक्ष्य जुलाई में एडमिशन प्रक्रिया पूरी करने का है। अभी तक सीट भरने का जो ट्रेंड रहा है, उसमें दो मेरिट में करीब 30 प्रतिशत सीट भरती हैं। मेरिट में टॉप वाले इंतजार करते हैं। वह बाद में आते हैं और विवि के लिए मुश्किल खड़ी करते हैं।
21 जून के बाद मान्यता नहीं
सीसीएसयू ने 21 जून को कार्य परिषद की बैठक बुलाई है। मान्यता की पुरानी फाइल और सेक्शन बढ़ाने की मांग को 21 जून के बाद नहीं माना जाएगा। सत्र 2017-18 में सीट वृद्धि या कॉलेज के कोर्स में इजाफा होना है तो वह 21 जून को ईसी की बैठक में हो जाएगा।