कंकरखेड़ा। रोहटा रोड के शिवम नाम के युवक से फेसबुक पर दोस्ती कर कपड़े के व्यापार के नाम पर 8.20 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित युवक ने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। लेकिन थाना पुलिस ने मामला गाजियाबाद का कहकर पीड़ित को टरका दिया।
योगीपुरम चौकी क्षेत्र के अनूपनगर निवासी शिवम ने रविवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसकी कुछ दिन पूर्व एक युवक से फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई थी। जिस पर युवक ने खुद को गाजियाबाद का एक कपड़ा व्यापारी बताया था। आरोपी ने पीड़ित को उचित मूल्य पर कपड़े देने की बात कही थी। आरोपी ने पीड़ित युवक को गाजियाबाद में मिलने के लिए बुलाया था। जहां आरोपी युवक ने पीड़ित को शोरूम व कपड़ों की फोटो दिखाई थी। पीड़ित ने आरोपी को 4.80 लाख रुपये नकद दिए थे।
आरोपी ने दो दिन में पीड़ित के पते पर कपड़ा भेजने की बात कही थी। लेकिन तीन दिन बाद भी पीड़ित के पास कपड़े का ऑर्डर नहीं पहुंचा था। पीड़ित ने आरोपी के नंबर पर संपर्क किया था। जिस पर आरोपी ने खाते में 3.22 लाख रुपये डालने की बात कही थी। पीड़ित ने आरोपी के खाते पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर दिए थे। इसके बाद आरोपी का नंबर बंद हो गया था। पीड़ित को खुद के साथ ठगी का एहसास हुआ। रविवार को पीड़ित परिजनों के साथ थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना पुलिस ने मामला गाजियाबाद का बताकर पीड़ित को वापस भेज दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मामला गाजियाबाद का है। स्थानीय स्तर पर पीड़ित की मदद की जाएगी।