यूपी 100 की गाड़ी दुकानों में घुसी, दो लोग घायल
- बुढ़ाना गेट पर बैरियर लगने के चलते हुआ हादसा
- चर्चा है कि अनट्रेंड पुलिसकर्मी चला रहे थे गाड़ी
- भाजपाइयों और व्यापारियों ने हंगामा किया
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। बुढ़ाना गेट पर रविवार सुबह यूपी100 की गाड़ी पान की दुकानों में घुस गई। गाड़ी जहां क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। चर्चा है कि गाड़ी का चालक ड्यूटी करके लौट गया था, जबकि एक अनट्रेंड पुलिसकर्मी गाड़ी चला रहा था। हादसे में दो लोग घायल हो गए। इसको लेकर भाजपाइयों और व्यापारियों ने हंगामा किया।
इंस्पेक्टर कोतवाली सुभाष अत्री के मुताबिक रविवार सुबह पुलिस लाइन क्षेत्र की यूपी 100 पुलिस की गाड़ी बुढ़ाना गेट चौकी पर खड़ी थी। गाड़ी चालक चौकी के अंदर बैठा था। इस दौरान कांस्टेबल मनोज गाड़ी चलाने का प्रयास करने लगा। अचानक गाड़ी दौड़ पड़ी और चौराहे पर लगाए गए बैरियर को तोड़ते हुए प्रवेश कुमार, पप्पी व अमित टोंक की पान की दुकानों में जा घुसी। व्यापारी कुशान गोयल ने बताया कि वहां खड़े ग्राहक सुभाष बाजार निवासी ओमप्रकाश शर्मा समेत दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। कई लोग बाल-बाल बचे। बताया जा रहा है कि गाड़ी के अंदर दो सिपाही भी मौजूद थे। व्यापारियों ने हंगामा किया तो कोतवाली इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों के नुकसान की भरपाई की जाएगी।
बैरियर लगाने पर आपत्ति
भाजपा नेता विवेक वाजपेयी का कहना है कि बुढ़ाना गेट पर बैरियर लगाने से स्थानीय व्यापारी और लोगों को परेशानी होती है। जगह कम होने के चलते गाड़ियां वहां पर नहीं मुड़ पातीं। इसको लेकर शनिवार को भी लोगों ने बैरियर हटाने की बात कही थी। इसके बावजूद पुलिस वहां पर जबरन बैरियर लगाती है, जिसके चलते वहां पर अक्सर जाम भी रहता है। हादसे के बाद भाजपाइयों और व्यापारियों ने हंगामा किया।