- एयर पिस्टल 10 मीटर में एक के बाद एक कई शूट किए
- तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर ने लगाए निशाने
फोटो...
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम। पल्हैड़ा शूटिंग रेंज पर शुरू हुई सांड़ की आंख की शूटिंग के दूसरे दिन घाघरा, कमीज पहनकर लाइट..कैमरा..एक्शन के बीच अभिनेत्री तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर ने दृश्य शूट किए। दोनों अभिनेत्रियां बिल्कुल देहाती लुक में दिखाई दी।
जौहड़ी गांव में शूटर दादी चंद्रो तोमर व प्रकाशी तोमर के जीवन पर आधारित फिल्म को मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप और तुषार हीरा नंदानी के निर्देशन में फिल्माया जा रहा है। फिल्म में दादी चंद्रो की भूमिका में भूमि पेडनेकर व प्रकाशी तोमर की भूमिका तापसी पन्नू निभा रही है। शुक्रवार को शूटिंग के दूसरे दिन दोनों अभिनेत्रियों के साथ पूरी यूनिट मोदीपुरम के पल्हैड़ा शूटिंग रेंज पर पहुंची। यहां शूटिंग के सीन सूट किए गए। तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर घाघरा, कमीज और दुपट्टे में निशाना लगाने पहुंची। दोनों ने एयर पिस्टल 10 मीटर में निशाने लगाए। इस दौरान सह निदेशक हीरा नंदानी, दीपक विहान, शार्दुल विहान, अंकुर आदि मौजूद रहे।
क्रांतिकारियों के शहर में बढ़ रही शूटिंग की संभावनाएं
फिल्म सांड़ की आंख में मुख्य किरदार निभा रहे निर्देशक प्रकाश झा भी मेरठ पहुंचे। पल्हैड़ा शूटिंग रेंज पर चल रही फिल्म की शूटिंग में आए प्रकाश झा ने कहा कि मेरठ शहर क्रांतिकारियों का शहर है। क्रांतिकारियों के शहर में अब बॉलीवुड और अभिनय की उम्मीदों की नई कोपलें फूट रही हैं। लंबे समय से फिल्मी दुनिया में मेरठ का बड़ा योगदान रहा है। नसीरुद्दीन शाह और सूफियाना अंदाज को सुरीली आवाज देने वाले कैलाश खेर की बॉलीवुड में बड़ी पहचान है।