मोदीपुरम। तेज धूप के साथ मंगलवार का दिन खासा गर्म रहा। तापमान भी 29 डिग्री के पार पहुंच गया। हालांकि नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार से मौसम बदलने के आसार हैं।
होली को एक दिन बचा है, लेकिन मौसम में स्थिरता नहीं दिखाई दे रही है। दिन में भले ही मौसम गर्म हो रहा हो, लेकिन रात में मौसम ठंडा है। पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इसके चलते मंगलवार का दिन मार्च माह में सबसे गर्म रहा। हवा शांत होने के कारण गर्मी का असर ज्यादा दिखा। मंगलवार को मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्र्दता 74 व न्यूनतम 32 प्रतिशत दर्ज की गई। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कृषि विवि के मौसम विशेषज्ञ डॉ. यूपी शाही ने बताया कि मंगलवार का दिन सबसे गर्म रहा। पहाड़ों पर बन रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार और बृहस्पतिवार को मौसम में नमी रहेगी। हवाएं तेज चलेंगी। तापमान भी गिर सकता है। आंशिक बादल भी रहेंगे।