18 मार्च से नामांकन के लिए तैयारी
आज जिले में पहुंच जाएगी केंद्रीय पैरा मिलिट्री फोर्स की दो कंपनियां
कलक्ट्रेट के चारों तरफ लगेंगे बैरियर, किसी वाहन का नहीं होगा प्रवेश
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने नामांकन की तैयारी पूरी कर ली है। शुक्रवार को जिले में केंद्रीय पैरा मिलिट्री फोर्स की दो कंपनियां पहुंच जाएंगी। कलक्ट्रेट में नामांकन के लिए बैरिकेडिंग का काम शुरू कर दिया है।
एसपी चुनाव सेल संजीव वाजपेयी के अनुसार एक कंपनी आईटीबीपी कानपुर से और दूसरी दिल्ली से पहुंचेगी। इनकी ड्यूटी नामांकन स्थल और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च के लिए रहेगी। नामांकन के लिए चार एएसपी, आठ सीओ और 12 इंस्पेक्टर समेत 250 पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे। कलक्ट्रेट परिसर में बैरिकेडिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा। यहां छह स्थानों पर बैरिकेडिंग होगी। आंबेडकर चौक से कलक्ट्रेट, कमिश्नरी पार्क के पास, कचहरी पुल स्थित चौराहा और कचहरी के मुख्य गेटों से कलक्ट्रेट की तरफ कोई वाहन नहीं आ सकेगा। उधर, एसएसपी नितिन तिवारी ने सभी सीओ, थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि चुनाव में बवालियों पर शिकंजा कसा जाए। शस्त्र लाइसेंस जमा कराए जाएं। फ्लाइंग स्क्वायड को निर्देश दिए हैं कि सख्ती से चेकिंग की जाए। किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब मिली तो संबंधित थानेदार जिम्मेदार होगा।