खरखौदा। कस्बे के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में शनिवार को जल संरक्षण पर प्रतियोगिता हुई। इसके मुख्य अतिथि डॉ. केके तोमर ने बच्चों को बताया कि स्वच्छ जल जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। दूषित जल से होने वाले नुकसान एवं नीति आयोग के जल संरक्षण से संबंधित एवं दंड विषय में जानकारी दी। बताया कि डब्लूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार 40 लाख बच्चे प्रतिवर्ष दूषित पानी के सेवन से मरते हैं। इस दौरान छात्राओं को जल संरक्षण के विभिन्न तरीके बताए। वहीं, भविष्य के लिए जल संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जेपी सागर ने जल संरक्षण पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस मौके पर उत्तम वक्तव्य देने व सबसे अच्छा पोस्टर बनाने वाली छात्राओं को समाज विकास संस्थान द्वारा पुरस्कार भी दिया गया। इस मौके पर वार्डन चित्रा शर्मा, आशु खटाना, नसरीन बेगम, रेनू रानी, एकता सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।