15 अक्तूबर तक सौभाग्य योजना का लक्ष्य पूरा करें
मेरठ। बचत भवन सभागार में सोमवार को जिला विद्युत समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाकर उपभोक्ताओं के साथ समरसता और उदारता की भावना के साथ समस्याआें का निस्तारण करें। विद्युत अधिकारी किसी भी किसान पर बकाया विद्युत बिल जमा कराने व कनेक्शन काटने का प्रेशर न बनाएं, क्योंकि किसान स्वयं ही गन्ना भुगतान प्राप्त होने पर विद्युत बकाया को चुका देंगे।
सांसद ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी बेहतर कार्ययोजना के साथ बाजार में नंगे व जर्जर तारों को समय से बदलें तथा विद्युत संबंधी समस्याओं का कैंप लगाकर निराकरण करें। नई विकसित कॉलोनियों में जिन लोगों के पास विद्युत कनेक्शन नहीं हैं और वह कनेक्शन लेने के इच्छुक है तो अधिकारी हर घर को रोशन करने के लक्ष्य को गति दें। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा 15 अगस्त तक विद्युत लक्ष्य को पूरा न करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सौभाग्य योजना के लक्ष्य को 15 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता एवं सदस्य सचिव जिला विद्युत समिति अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में सौभाग्य योजना के तहत ग्रामीण घरों के 52851 विद्युत कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित है। जिसके सापेक्ष 40397 कनेक्शन दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जनपद मेरठ में 1,89,790 ग्रामीण घरों में से 160304 घरों को मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। शेष का कार्य प्रगति पर है। बैठक में विधायक मेरठ कैंट सत्यप्रकाश अग्रवाल, मेरठ दक्षिण डॉ. सोमेंद्र तोमर, सिवालखास जितेंद्र सतवाई और मेरठ शहर विधायक रफीक अंसारी ने अपने अपने क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को रखते हुए शीघ्र निराकरण की बात कही। सीडीओ आर्यका अखौरी ने भी विद्युत विभाग के अधिकारियों को सौभाग्य योजना पर गंभीरता से काम करने का निर्देश दिया।