सब्जी, फल व दूध की भी रोक देंगे आपूर्ति
मेरठ। डीजल-पेट्रोल के दामों को जीएसटी के दायरे में लाने, थर्ड पार्टी इंश्योरेंस की बढ़ी दर कम करने और टोल टैक्स बंद करने आदि की मांग को लेकर चल रही ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। ट्रांसपोर्टरों ने केंद्र सरकार की कमेटियों के माध्यम से मांगे पूरी करने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। ट्रांसपोर्टरों ने आह्वान किया कि अगर सरकार ने एक दो दिन में मांगे नहीं मानीं तो दूध, सब्जी और फल की आपूर्ति भी ठप कर दी जाएगी। जनहित को देखते हुए अभी इन सभी वस्तुओं को छोड़ा गया है। वहीं मंगलवार को परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का पुतला फूंका किया जाएगा।
मांगों को लेकर देशभर के ट्रांसपोर्टर ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्टर कांग्रेस के आह्वान पर गत 20 जुलाई से हड़ताल पर हैं। हड़ताल में शामिल मेरठ के सभी ट्रांसपोर्टरों ने चौथे दिन भी ट्रांसपोर्ट नगर के गेट पर धरना चालू रखा। बाहरी ट्रकों को पकड़ने के लिए लगाई गई टीम ने दर्जनों ट्रकों को पकड़ा। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि सरकार ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल को लेकर गंभीर नहीं है। केंद्र सरकार मांगों के संबंध में बात करने के लिए कमेटी गठित करने का प्रस्ताव रख रही है। लेकिन ट्रांसपोर्टरों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। इससे पहले भी सरकार कई बार मांगों को पूरा करने के लिए कमेटी का गठन कर चुकी है लेकिन कमेटी ने कुछ नहीं किया। इस बार सरकार को खुद आकर वार्ता करनी होगी। शर्मा ने बताया कि 70 से अधिक टोल प्लाजा पर लागत से ज्यादा टोल वसूला जा चुका है, इसके बावजूद टोल प्लाजा चल रहे हैं। लागत वसूल होते ही टोल बंद हो जाने चाहिए। फायदे में होने के बाद भी बीमा कंपनियां अपनी दरें बढ़ाती जा रही हैं।
इस मौके पर दीपक गांधी, राकेश विज, सरदार खेता सिंह, प्रवीन चिन्योटी, पकंज अनेजा, शिवम विनायक, सुरेंद्र शर्मा, देवीचरण सेन, अंकुर प्रजापति, दीपक रल्हन, नवीन शर्मा, वेद गुप्ता, सरदार नरेंद्र सिंह, सरदार डिंपी सिंह, बाबर अली, अशोक विनायक, रोहित कपूर, गगन शर्मा, अनुज विज आदि मौजूद रहे।