खत्म हुई मस्ती की पाठशाला, बच्चे पहुंचे स्कूल
मेरठ। बच्चों की मस्ती की पाठशाला पर सोमवार को विराम लग गया। गर्मियों की छुट्टी के बाद स्कूल खुले तो शहर की सुबह का नजारा देखने लायक था। बच्चे मम्मी-पापा के साथ सुबह स्कूल पहुंचे। सुबह जल्दी उठकर बच्चे स्कूल के लिए तैयार हुए, मम्मियां भी सुबह से ही बेहद व्यस्त रहीं। गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार को जब स्कूल खुले तो कक्षाओं में बच्चों की संख्या काफी कम रही। मंगलवार से सभी स्कूलों में फुल टाइम क्लासेस होंगी। सेंट मेरीज, सेंट जोंस स्कूल चार जुलाई से खुलेंगे। स्कूलों में हवन, पूजन और वेदमंत्रों के साथ नए सत्र के पहले दिन का शुभारंभ हुआ, तिलक लगाकर छात्रों का स्वागत किया गया। पहला दिन मस्ती, खेल, बातचीत के नाम रहा, आज से विधिवत पढ़ाई प्रारंभ होगी। बच्चों ने टीचर्स और दोस्तों के साथ गर्मियाें की छुट्टियों के अनुभव बांटे। कहां घूमने गए, क्या मस्ती की इस पर बातें हुईं। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ अनुभव साझा किए। होमवर्क, प्रोजेक्ट वर्क पर भी बातें हुईं।
नया स्कूल, नए दोस्त भी मिले
कई बच्चों ने नए सत्र में स्कूल बदल दिया। सोमवार को ऐसे बच्चे दूसरे स्कूल में पहुंचे। पुराना स्कूल छोड़कर नए स्कूल में आने पर बच्चों को एकदम नया माहौल, नए दोस्त और नए टीचर्स मिले। उनके साथ दोस्ती की और अनुभव बांटे। नन्हें बच्चे जो पहली बार स्कूल पहुंचे उन्हें मम्मी-पापा की याद आई तो स्कूल में ही रोने लगे।
कृ ष्णा पब्लिक स्कूल में नया सत्र शुरू
मेरठ। कृष्णा पब्लिक स्कूल में समर हॉली डेज के बाद स्कूल यूनिफार्म में बच्चे खुशी से स्कूल पहुंचे। बच्चे दोस्तों से मिलकर बहुत खुश हुए। किसी ने होमवर्क को डिसकस किया। कृष्णा स्कूल में विशेष प्रार्थना का आयोजन हुआ। स्कूल प्रबंधक भोपाल सिंह ने शिक्षा का महत्व बताया। इंदू, रविता, आरती व सनी का सहयोग रहा।
खास बातें:
- पहले दिन कम रही बच्चों की उपस्थिति, शिक्षक और दोस्तों संग साझा किए अनुभव