बढ़ी तिथि, 4086 ने लिया एडमिशन
मेरठ। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से संबद्घ कॉलेजों में बीए-बीएससी और बीकॉम में एडमिशन की तिथि बढ़ा दी गई है। बुधवार को मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद भी बृहस्पतिवार शाम तक महज 4086 स्टूडेंट्स ने ही एडमिशन लिया है। ऐसे में यूनिवर्सिटी ने पहली मेरिट के एडमिशन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 25 जून कर दिया है। इसके बाद दूसरी मेरिट जारी की जाएगी।
मेरठ के कॉलेजों की बात करें तो बृहस्पतिवार देर शाम तक सबसे ज्यादा एडमिशन अभी तक आरजी कॉलेज में हो पाए हैं। यहां पर बीए में 70, बीकॉम में 10 और बीएससी में 17 छात्राओं समेत कुल 97 एडमिशन हुए हैं। इसके बाद दूसरा नंबर मेरठ कॉलेज का है। यहां पर तीनों विषयों में महज 63 एडमिशन हुए हैं। इस्माईल कॉलेज में तीनों विषयों में 62 एडमिशन हुए हैं। एनएएस कॉलेज में महज 26 स्टूडेंट्स ने एडमिशन लिया है। डीएन कॉलेज में 26, कनोहर लाल में 38 और शहीद मंगलपांडे में 15 एडमिशन हुए हैं। बुधवार को जहां 1022 एडमिशन हुए थे वहीं, बृहस्पतिवार को 3064 एडमिशन हुए हैं। जिस तरह से मेरिट जारी होने के दूसरे दिन भी स्टूडेंट्स की संख्या कम रही उसको देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पहली मेरिट के एडमिशन की अंतिम तिथि 23 से बढ़ाकर 25 जून कर दी है। पहले यूनिवर्सिटी ने 24 जून को दूसरी मेरिट निकालने की बात कही थी। ऐसे में दूसरी मेरिट अब 25 के बाद आएगी। दो दिनों की बात करें तो सबसे ज्यादा एडमिशन बीए में हुए हैं। कोएड कॉलेजों के मुकाबले गर्ल्स कॉलेजों में संख्या ज्यादा है। बता दें कि मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों मेें इस बार बीए, बीएससी और बीकॉम में सिर्फ 70 हजार ही रजिस्ट्रेशन हुए हैं।
एलएलबी में एडेड कॉलेजों को अभी हरी झंडी नहीं
तीन वर्षीय एलएलबी में छात्र-छात्राओं के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 25 जून है और अभी तक एडेड कॉलेजों को बीसीआई से हरी झंडी नहीं मिलने के कारण उनके नाम पोर्टल पर नहीं आ पाए हैं। मेरठ कॉलेज और एनएएस कॉलेज तक में छात्र एडमिशन नहीं ले पा रहे हैं। अभी तक पांच वर्षीय एलएलबी में 1891 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। तीन वर्षीय एलएलबी में महज 2119 रजिस्ट्रेशन कराए गए हैं। ऐसे में एलएलबी की तिथि बढ़ना तय माना जा रहा है।