स्कूलों मेें रोज लगेगी फिजिकल एजुकेशन की क्लास
मेरठ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने छात्रों की बिगड़ती सेहत को सुधारने के लिए प्रतिदिन फिजिकल एजुकेशन का पीरियड लगाना अनिवार्य कर दिया है। बृहस्पतिवार को बोर्ड की ओर से सभी पब्लिक स्कूलों को सर्कुलर जारी किया गया। इसके तहत नए शिक्षा सत्र से नवीं से बारहवीं कक्षा के छात्रों को प्रतिदिन फिजिकल एक्टिविटी अनिवार्य रूप से कराने का आदेश दिया है।
बोर्ड के अनुसार नवीं से बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए सेहतमंद होना बहुत जरूरी है। इसी उम्र में बच्चे जंक फूड व आराम तलबी के कारण मोटापे का शिकार हो रहे हैं। बच्चों में मधुमेह, फैटी लीवर, ओवरवेट और हाई बीपी जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इन परेशानियों से बच्चों को बचाने के लिए नियमित व्यायाम व खेलना जरूरी है। बोर्ड ने कहा है कि सभी विद्यालय अपने यहां नियमित तौर पर एक घंटा व्यायाम को दें। इसमें आउटडोर गेम्स, योग, ध्यान आदि एक्टिविटी कराई जाएं। शहर में 250 पब्लिक स्कूल हैं। जहां लाखों छात्र शिक्षा ले रहे हैं। लेकिन किसी भी विद्यालय में नियमित तौर पर एक घंटा फिजिकल फिटनेस का नहीं होता। कुछ विद्यालयों में 11वीं, 12वीं कक्षा में फिजिकल एजुकेशन विषय के छात्रों को स्पोर्ट्स कराए जाते हैं। बोर्ड ने नवीं से बारहवीं के छात्रों के लिए यह अनिवार्य कर दिया है।
खास बातें:
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने छात्रों की सेहत सुधारने के लिए दिया आदेश