कंकरखेड़ा। डाबका गांव में जल निकासी की समस्या का अभी तक समाधान नहीं हुआ है। रविवार को गांव के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक दूसरे पर अव्यवस्था फैलाने का आरोप लगाकर नाली बंद कर दी। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
हाइवे स्थित डाबका गांव में तीन साल पूर्व नगर निगम द्वारा नाले का निर्माण शुरू कराया गया था, जो किसी कारण बीच में ही रुक गया। इस वजह से गांव में जल निकासी की समस्या हो गई और गलियों में जलभराव होने लगा। रविवार को गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और एक दूसरे की नाली का पानी रोक दिया। इस बीच दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाली को खुलवाकर दोनों पक्षों को शांत कराया। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। वहीं क्षेत्रीय पार्षद ब्रह्म सिंह एडवोकेट ने बताया कि गांव में जल निकासी की समस्या है। इसके अलावा नगर निगम द्वारा लगाई गई टंकियों की टोटी टूटी हुई हैं। इस कारण पानी बहता रहता है। ग्रामीणों को टोटियां वितरित की गईं है। ऐसे में अब जलभराव की उम्मीद कम होगी।