मेरठ। कलक्ट्रेट में आयोजित होली मिलन समारोह में जमकर अबीर गुलाल उड़ा। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तथा शहर से आए गण्यमान्य लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की मुबारकबाद दी।
मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार एवं जिलाधिकारी अनिल ढींगरा की मेजबानी में परंपरागत रूप से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी की ओर से एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश पटेल एवं एडीएम सिटी मुकेश चन्द्र ने आमंत्रित लोगों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त ने कहा कि होली हर्षोल्लास, उमंग, रंग एवं अबीर का त्यौहार है जिसमें सभी लोग जाति-धर्म की संकीर्ण भावना से उठकर एक-दूसरे को गले लगाकर अपनी खुशियां प्रकट करते हैं।
जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने कहा कि होली का त्यौहार प्रेम व भाईचारे को बढ़ाने का त्यौहार है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वह इस त्यौहार को इसी तरह आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। इस अवसर पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, संजीव बालियान, महापौर सुनीता वर्मा, विधायक सोमेंद्र तोमर, दिनेश खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह, डॉ. वीरोत्तम तोमर, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. मेराजुद्दीन अहमद, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, रालोद जिलाध्यक्ष राहुल देव, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, विशाल जैन, कांग्रेस नेता सरदार मनजीत सिंह कोछड़, अमित नागर, चौ. जगत सिंह, दिनेश तलवार, शाहजहां सैफी, नरेंद्र खजूरी, ऐनुद्दीन शाह, आदिल सिद्दीकी के अलावा पुलिस-प्रशासन से सीडीओ आर्यका अखौरी, एमडीए वीसी साहब सिंह, एसपी सिटी मान सिंह चौहान, एसपी देहात राजेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट एमपी सिंह आदि मौजूद रहे।
नाराज होकर चले गए वाजपेयी
होली मिलन समारोह में आए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी समारोह स्थल पर आला अधिकारियाें की मौजूदगी न होने के कारण पहले ही चले गए। उन्होंने कहा कि दोपहर दो बजे का कार्यक्रम था। लेकिन 2:30 बजे तक भी आला अधिकारी मौके पर नहीं हैं। जब मेजबान ही नहीं है तो कैसा कार्यक्रम। इस पर वे वहां से चले गए।