एमडीए ने लगाई सील, पुलिस ने रुकवाया अवैध निर्माण
मेरठ/गंगानगर बैजल भवन के पास बन रहे एक अवैध भवन पर एमडीए ने सील लगा दी। वहीं, गंगानगर में भी मेरठ-पौड़ी हाइवे की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को पुलिस ने रुकवा दिया।
तहसीलदार एमडीए करनवीर सिंह ने बताया कि सिविल लाइन स्थित बैजल भवन के पास मयंक जैन, गौरव जैन अनाधिकृत रूप से निर्माण करा रहे थे। चेतावनी के बाद भी काम नहीं रोका, जिसे बुधवार को एमडीए टीम ने जाकर सील कर दिया। उधर, गंगानगर एसओ ओमप्रकाश सिंह के मुताबिक थाने के सामने श्रद्धापुरी कंकरखेड़ा निवासी सपना और विचित्र निवासी कंकरखेड़ा ने अपना प्लॉट कुछ लोगों को किराए पर दिया है। जिसमें प्रशांत निवासी राजेन्द्रपुरम, अमित शर्मा निवासी कसेरूखेड़ा और अरुण निवासी ग्राम सम्भालका थाना शामली मिलकर शोरूम खोल रहे हैं।
एसओ के मुताबिक कई दिनों से निर्माण चल रहा है। आरोप है कि दो दिन पूर्व अवैध निर्माण करते हुए हाइवे की करीब तीस फीट जमीन पर कब्जा कर लिया। इनके पास न तो नक्शा है और न ही कोई मंजूरी हैं। मुख्य मार्ग तंग होने के कारण आवागमन अवरुद्ध हो रहा है। वहीं, जमीन को किराये पर लेने वाले अमित शर्मा ने बताया कि उन्होंने यह प्लॉट तीन साल के लिए लीज पर लिया है। जमीन के पूरे कागज हैं। पुलिस के मना करने पर बाहर की बाउंड्री को तुड़वा दिया गया है। उधर, एसओ ने पूरे प्रकरण पर एमडीए अधिकारियों को पत्र भेजा है।