18 बिंदुओं पर जांचा जाएगा मेडिकल कॉलेज का हाल
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मेडिकल कॉलेज की चिकित्सीय व्यवस्थाओं का हाल 18 बिंदुओं पर जांचा जाएगा। इसके लिए सोमवार को किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के प्रोफेसर डॉ. जीके सिंह मेडिकल का निरीक्षण करेंगे। वह वहां आर्थोपेडिक्स के विभागाध्यक्ष हैं। निरीक्षण केबाद वह रिपोर्ट तैयार कर शासन को यहां की व्यवस्थाओं से अवगत कराएंगे। इससे कॉलेज प्रबंधन में खलबली मची है।
दरअसल, गोरखपुर में हुई बच्चों की मौत के बाद शासन मेडिकल कॉलेज में व्यवस्थाओं के प्रति और गंभीर हो गया है। अब मेरठ समेत प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों का निरीक्षण कराया जा रहा है। इस संबंध में प्रमुख सचिव डॉ. रजनीश दुबे ने सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों के निर्देशित किया है।
इन बिंदुुओं पर होगी जांच-पड़ताल
10 आधारभूत सुविधाओं के लिए निर्धारित प्रपत्र पर सूचनाओं का सत्यापन।
लाइब्रेरी, परीक्षा भवन, क्लासेज, ऑडियो विजुअल और समय की पाबंदी।
नियमानुसार लिखित रूप से अवकाश स्वीकृत कराने की व्यवस्था का अनुपालन करने और अनुशासन।
इलेक्ट्रिक एवं फायर सेफ्टी और सुरक्षा गार्ड की स्थिति।
चिकित्सक, रेजिडेंट, स्टाफ, नर्स, पीआरओ, रिसेप्शनिस्ट, वार्ड ब्वॉय और सफाई कर्मी।
ऑपरेशन थियेटर (ओटी) का हाल, लेबर रूम से लेकर वहां के पर्दे तक।
दवाओं और अन्य आवश्यक मदों में बजट की उपलब्धता एवं नियमित रूप से निरंतर खर्च की स्थिति।
जीवन रक्षक दवाएं, अन्य आवश्यक दवाएं, सर्जिकल उपकरण, औषधि एवं रसायन का हाल, परिसर में शासन की अनुमति से खोली गई दवा के दुकानों की स्थिति।
टेंडर, लोकल परचेज, एग्रीमेंट की अवधि, लिक्विड एवं गैस की स्थिति, भुगतान दर, लागबुक एवं ऑक्सीजन सप्लाई केनोडल अफसर का नाम।
कितने यूनिट ब्लड है, रक्तदान और रक्त देने की क्या स्थिति है।
जांच के लिए आवश्यक मशीनों एवं उपकरणों का हाल।
विद्युत सप्लाई बाधित होने पर जेनरेटर की स्थिति।
इमरजेंसी डिपार्टमेंट की स्थिति, ट्रॉमा की स्थिति, आईसीयू, एनआईसीयू, पीआईसीयू, वेंटीलेटर, मल्टीपैरा मॉनीटर, स्ट्रेचर, व्हीलचेयर आदि की स्थिति।
रोगियों केसाथ आएं व्यक्तियों के लिए पानी, कैंटीन, वॉशरूम और रैन बसेरा की स्थिति।
रोगी एवं उनकेतीमारदार, जनपद के उच्चाधिकारियों, समाज के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों तथा पत्रकारों की प्रतिक्रियाएं।
समस्याएं और उनके समाधान के लिए सुझाव।
खास बात
लखनऊ केजीएमयू के प्रोफेसर सोमवार को करेंगे निरीक्षण, शासन को सौंपेंगे रिपोर्ट