चार मौतें: स्टंट अभी बाकी है
- त्यौहारों पर स्टंट बन गया है युवाओं का शगल, सोमवार को भी जमकर हुए स्टंट
- चार युवकों की चली गई जान, खुशियां पलक झपकते ही बदल गई मातम में
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। आखिर क्या हो गया है इन युवाओं को ? युवाओं में जोश होना अलग बात है पर जोश में होश खोना और अपनी ही जान को जोखिम मेें डालने की स्थिति को किसी भी सूरत में सही नहीं ठहराया जा सकता है। जिगर के चार टुकड़े खुशियों के त्यौहार ईद पर हमेशा के लिए सो गए। जश्न की तैयारियां पलक झपकते ही मातम में बदल गईं। चारों युवक एक ही बाइक पर फर्राटा भर रहे थे।
दरअसल इस शहर में अजब दस्तूर चला है। हर त्यौहार पर युवा सड़कों पर उतर पड़ते हैं। एक ही बाइक पर कई कई युवक सवार होकर हवा से बात करते हैं। सोमवार को भी सड़कों पर ये स्थिति रही। चार मौत का युवाओं को जैसे कोई फर्क ही नहीं पड़ा। शहर भर में स्टंट चलते रहे। स्टंटबाज रुके ही नहीं। बाइकर्स ने सड़कों पर तेजी से बाइक दौड़ाई गई और खतरनाक स्टंट किए ।शॉप्रिक्स मॉल के पास सीओ आफिस के बाहर ही युवाओं ने बाइक से खूब स्टंट किए । शाम को पुलिस चेती। एसपी सिटी समेत सभी थानों की पुलिस को चेकिंग में लगा दिया गया। 55 लोगों को पकड़ा गया। उनकी बाइक का चालान कर बाइक थाने भेज दी गई।
मेवला पुल पर दौड़ी फुल स्पीड बाइक
दोपहर को दिल्ली रोड पर मेवला पुल से कई बाइकर्स तेजी से बाइक दौड़ाते हुए शाप्रिक्स मॉल की ओर जा रहे थे। 100 से अधिक स्पीड से ये युवक स्टंटबाजी भी कर रहे थे। इन बाइकों के पीछे भी दो से तीन युवक बैठे थे। शाप्रिक्स माल के सामने भी जमकर स्टंट होते रहे।
रेलवे रोड चौराहे पर भीड़ में ही स्टंटबाजी
चौराहे पर भीड़ थी लेकिन युवक यहां भी स्टंटबाजी से बाज नहीं आए। एक युवक भीड़ के बीच में ही यहां बाइक से स्टंट कर रहा था। पुलिस कर्मी भी उसे नहीं रोक सके।
वेस्ट एंड रोड ,पुलिस देख उल्टे दौड़े
वेस्ट एंड रोड पर शाम के वक्त बाइक सवार तीन और स्कूटी सवार दो युवक स्टंट बाजी करते हुए तेजी से चल रहे थे। आगे एक पुलिस कर्मी खड़ा नजर आया तो दोनों ने तेजी से ब्रेक मारे और अपनी स्कूटी और बाइक मोड़कर उल्टे दौड़ लिए ।
हाथी खाना पर पूरी रोड घेरकर मौज मस्ती
चार बाइक सवार युवक मस्ती से पूरी रोड घेरकर स्टंटबाजी करते चल रहे थे। दो बाइकों पर तीन तीन युवक थे और दो पर दो दो। बाइकों पर खूब स्टंट चल रहे थे। इसी रोड पर एक युवक तेजी से बाइक दौड़ाकर स्टंट कर रहा था।