मेरठ। राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य आलोक रावत ने मंगलवार को महिलाओं की समस्याओं को सुना। सर्किट हाउस में आयोजित जन सुनवाई में उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे खुद को अकेला न समझें। आयोग उनके साथ है। इस दौरान मेरठ, बुलंदशहर, गौतमबुद्घ नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत से आईं महिलाओं ने उनके सामने शिकायतें रखीं।
आलोक रावत ने पुलिस अधिकारियों को महिलाओं की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि महिलाएं अपनी समस्या व शिकायतें राष्ट्रीय महिला आयोग की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने महिला उत्थान के लिए अनेक कदम उठाए हैं। आयोग के सामने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न व अन्य समस्याएं महिलाओं द्वारा दर्ज करायी जाती हैं। इस दौरान एसएसपी जे. रविंदर गौड, एसपी देहात राजेश कुमार, सीओ कोतवाली रणविजय सिंह, सीओ दौराला बीएस वीर कुमार, सीओ सिविल लाइन गजेंद्रपाल सिंह, सीओ मनीष यादव, एसओ महिला थाना रश्मि चौधरी मौजूद रहीं।
खास बात
राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य ने सुनीं महिलाओं की समस्याएं
कहा, आयोग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं महिलाएं