टीपीनगर और बागपत रोड पर सोमवार से लगेंगी 80 लाइटें
मेरठ। नगर निगम ने टीपीनगर और बागपत रोड पर लगे खंभों पर एलईडी लगाने का प्रस्ताव ईईएसएल कंपनी को भेज दिया है। अगले सप्ताह से लाइटें लगनी शुरू हो जाएंगी। इसके साथ दिल्ली रोड पर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों पर भी जगह-जगह लाइटें लगाई जा रही हैं।
दिल्ली रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर गेट से थाना टीपीनगर गेट तक और फुटबॉल चौराहा से बागपत रोड पर लाइटें न होने के कारण अंधेरा छाया हुआ है। इस कारण यहां आएदिन दुर्घटनाएं हो रही है। कुछ दिन पहले एक युवक की भी जान चली गई थी। जनता की मांग पर नगर निगम प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट नगर और फुटबॉल चौराहा से बागपत रोड पर 80 खंभों पर एलईडी लगाने का निर्णय लिया है।
नगर निगम के सहायक नगरायुक्त इंद्रविजय ने ईईएसएल कंपनी को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि दिल्ली रोड पर रैपिड का कार्य चलने के कारण ट्रैफिक को टीपीनगर और बागपत रोड से निकाला जा रहा है। इन मार्गों पर कुछ स्थानों पर लाइटें नहीं हैं। कंपनी सोमवार से लाइटें लगाने का काम शुरू करेगी।