सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए ट्रायल में किया शानदार प्रदर्शन, दिखाई प्रतिभा
24 और 25 को कई खेलो में होनी है स्टेट प्रतियोगिता
मेरठ में होगी एथलेटिक्स की स्टेट चैंपियनशिप
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। खेल निदेशालय की ओर से 24 और 25 अगस्त को सिविल सर्विसेज खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एथलेटिक्स, कबड्डी, वालीबाल, हॉकी, फुटबाल, बैडमिंटन, टेनिस समेत सभी खेलों का आयोजन होना है। इसके लिए बुधवार को दूसरे दिन भी कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंडल ट्रायल आयोजित किए गए। इसमें मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़ के सिविल सर्विसेज के खिलाड़ी भाग लेने पहुंचे। बुधवार को महिला और पुरुष दोनों वर्ग में 80 खिलाड़ी ट्रायल देने पहुंचे।
दो दिवसीय ट्रायल के दूसरे दिन बुधवार को महिला और पुरुष दोनों वर्ग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने क्रिकेट, वालीबाल, बास्केटबाल, कबड्डी, हॉकी आदि में अपनी प्रतिभा दिखाई। एथलेटिक्स में भी खिलाड़ियों ने लंबी कूद, ऊंची कूद, 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ में प्रतिभाग किया और अपनी दावेदारी पेश की। एथलेटिक्स कोच गौरव त्यागी ने बताया कि दो वर्ग में खिलाड़ियों का चयन किया गया।
एक वर्ग में 45 वर्ष से कम और दूसरे वर्ग में 45 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों का चयन हुआ। एथलेटिक्स स्टेट चैंपियनशिप 24 और 25 अगस्त को मेरठ में ही होगी, जिसे लेकर क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से भी पूरी तैयारी कर ली गई है। इसके अलावा वालीबाल स्टेट अयोध्या में, तैराकी बरेली में, बास्केटबाल बस्ती में, बैडमिंटन प्रयागराज में, कबड्डी रायबरेली में, शतरंज लखनऊ में, भारोत्तलन अमेठी में, एथलेटिक्स मेरठ में, फुटबाल उन्नाव में, कैरम कानपुर में, ब्रिज लखनऊ में, कुश्ती आजमगढ़ में, पावर लिफ्टिंग गाजियाबाद में, क्रिकेट कानपुर में, हॉकी वाराणसी में, खो-खो कासगंज में और योगासन प्रतियोगिता लखनऊ में आयोजित होगी।