ट्रक-मैजिक की भिड़ंत में 4 लोगों की मौत
गढ़ रोड पर किठौर में हुआ हादसा, छह लोग हुए घायल
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार, मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। गढ़ रोड पर किठौर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात ट्रक और मैजिक वाहन की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार सराय काजी मेडिकल निवासी अजय (36) पुत्र तेजपाल टाटा मैजिक वाहन चलाता था। अजय की मौसी हसनपुर में रह रही है। रविवार रात हसनपुर से बारात किठौर क्षेत्र के नगली गांव में गई थी। रविवार रात करीब दो बजे सराय काजी निवासी परिवार शादी समारोह से मैजिक वाहन से लौट रहा था। मैजिक वाहन जब गढ़ रोड पर बहरोड़ा मोड़ के पास पहुंचा तो मेरठ की तरफ से जा रहे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मैजिक वाहन के सड़क किनारे खड़ी यूपी 100 पुलिस की गाड़ी से टकराने के बाद परखचे उड़ गए।
इस हादसे में मैजिक वाहन चालक अजय, धर्मवीर (40) पुत्र कर्म सिंह निवासी सराय काजी, धर्म सिंह के दो बेटे सूर्यांश (8) और यश (10) की मौत हो गई। जबकि मैजिक सवार लकी पुत्र धर्मवीर, कैलाश चंद पुत्र शंभूनाथ, धर्मवीर की पत्नी सविता, अभिषेक पुत्र किशोर, दीपू पुत्र अजय, मन्नू पुत्र किशोर और रितिक पुत्र किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे किठौर इंस्पेक्टर पीसी शर्मा ने घायलों को मेडिकल कॉलेज स्थित इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहीं, चार लोगों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात चालक पर केस दर्ज किया है। दो बच्चों समेत तीन घायलों की हालत गंभीर बनी है।