रंगदारी मांगने वाला कथित पत्रकार निकला हिस्ट्रीशीटर
मुरादनगर। मोदी स्टील फैक्ट्री के जीएम से एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले मुख्य आरोपी कथित पत्रकार के खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, गैंगस्टर, गुंडाएक्ट के मामले दर्ज है। वह देहरादून के पटेलनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस इस कथित पत्रकार समेत नामजद छह आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसएचओ उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि अनुज अग्रवाल गिरोह बनाकर ब्लैकमेल करके रंगदारी मांगने का काम करता है। जांच में पता चला कि अनुज अग्रवाल के खिलाफ देहरादून के पटेलनगर, बसंतपुर विहार, प्रीतमपुरा समेत विभिन्न थानों में करीब 10 मुकदमे धोखाधड़ी, गैंगस्टर, गुंडाएक्ट, रंगदारी मांगने के दर्ज हैं। वह पटेलनगर थाने का है। देहरादून के भूपेंद्र रतूड़ी श्रीमहंत इंद्रेश अस्पताल प्रबंध समिति ने 30 अप्रैल को 50 लाख की रंगदारी मांगने की रिपोर्ट अनुज अग्रवाल और उसके दो साथियों के खिलाफ दर्ज कराई थी। एसएचओ का कहना है कि कथित पत्रकार के अन्य छह साथियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मुरादनगर थाने में जीएम से रंगदारी मांगने वाले में मां-बेटा भी शामिल है। ज्ञात हो कि नई दिल्ली के द्वारका निवासी अंबेर जेटली मोदीनगर की मोदी स्टील फैक्ट्री में जीएम हैं। 15 अप्रैल को फैक्ट्री से स्क्रैप निकालने के नाम पर एक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया गया। उनसे एक करोड़ की रंगदारी की मांगकर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई। जीएम ने मुरादनगर थाने में कथित पत्रकार अनुज अग्रवाल, विशाल, गिरिधर, अतुल नेहरा, निर्मला नेहरा, बिटटू गदाना, मानविंदर नेहरा, एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।