जोया के लैपटॉप और मोबाइल खोलेंगे कई अहम राज
- फर्जी आईएफएस अधिकारी जोया खान की जांच में जुटी एटीएस
ग्रेटर नोएडा/मेरठ। फर्जी आईएफएस अफसर जोया खान की जांच अब उच्चस्तर से होगी। दूसरे देशों से उसका क्या कनेक्शन है, इसकी पड़ताल शुरू हो गई है। जोया के दो लैपटॉप और मोबाइल में कई राज खुल सकते हैं, जिस पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर है। इसकी जांच में एटीएस जुट गई है। पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में अर्जी दाखिल की, जिस पर सोमवार को सुनवाई होगी। गृह मंत्रालय ने भी एक रिपोर्ट पुलिस से मांगी है।
मेरठ निवासी जोया खान और उसके पति हर्ष प्रताप सिंह से बरामद मोबाइल और लैपटॉप की जांच के लिए पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। अनुमति मिलने के बाद दोनों की मौजूदगी में एटीएस, पुलिस और एक्सपर्ट मोबाइल व लैपटॉप की जांच करेंगे। इससे आरोपियों के कारनामों व मंशा की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी। आईएफएस बनकर लोगों और पुलिस पर रौब झाड़ने वाली फर्जी अधिकारी जोया और हर्ष को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। दोनों के पास पुलिस ने दो लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, फर्जी आईडी व दस्तावेज बरामद किए थे। जोया लैपटॉप से पुलिस के आला अधिकारियों को ई-मेल भेजकर एस्कॉर्ट लेती थी। उसने फोन में वॉइस कन्वर्टर एप्लीकेशन भी डाउनलोड किया था। इसकी मदद से वह आवाज बदलकर अधिकारियों से बात करती थी। वहीं, जोया के अफगानिस्तान में ई-मेल करने की जानकारी मिली थी। लेकिन पुलिस ने इससे इंकार किया है। उनका कहना है कि इस संदर्भ में गहन पड़ताल की जाएगी।
गृह मंत्रालय से मांगी रिपोर्ट
जोया का मामला दिल्ली व लखनऊ तक गूंजा हुआ है। जोया खुद को प्रधानमंत्री की सिक्योरिटी में प्रमुख सचिव बताती थी। इसको देखते गृह मंत्रालय ने भी रिपोर्ट मांगी है। मेरठ में प्रधानमंत्री के दौरे से पहले पुलिस की एस्कार्ट लेकर चार दिन घूमने के पीछे जोया का क्या मकसद था। इसकी गहनता से जांच कराई जा रही है। हालांकि पुलिस का दावा कि प्रधानमंत्री के दौरे से जोया का अभी तक कोई कनेक्शन नहीं मिला है।
खुफिया विभाग पहले दे चुका इनपुट
मेरठ में फर्जी आईएफएस जोया खान है, इसका एक इनपुट खुफिया विभाग पहले भी दे चुका था। सवाल बड़ा है कि इनपुट मिलने पर भी पुलिस सचेत नहीं हुई। जोया पुलिस से लगातार एस्कार्ट लेती रही। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूर्व में रहे एक एसएसपी से खुफिया विभाग ने जोया खान के बारे में कहा था। इससे पहले जांच होती कि एसएसपी का ट्रांसफर हो गया और मामला दब गया।
पति की भूमिका नहीं मिली
मेरठ पुलिस ने खुद को आईएफएस अधिकारी बताकर पुलिस एस्कार्ट लेने पर जोया खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि जोया के पिता हर्ष प्रताप सिंह की कोई भूमिका जांच में सामने नहीं आई। वहीं, नोएडा में भी जोया खान ने ही एसएसपी की आईडी पर ई-मेल भेजकर पुलिस एस्कार्ट लेने की बात कही है। वहां भी हर्ष प्रताप की भूमिका नहीं मिली।
एटीएस की ले रहे मदद
जांच में एटीएस की मदद ली जा रही है। कोर्ट में अर्जी देकर आरोपियों से बरामद मोबाइल व लैपटॉप की जांच के लिए अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद डेटा आदि की गहनता से जांच होगी। -वैभव कृष्ण, एसएसपी गौतम बुद्ध नगर