तैयारी कर लें पूरी, कभी भी हो सकता है चुनाव
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीडियो कांफ्रेंस में दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। लोकसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। भारत निर्वाचन आयोग कभी भी चुनाव की घोषणा कर सकता है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंक्टेश्वर लू ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
एनआईसी के हॉल में आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि किसी भी दिन भारत निर्वाचन आयोग लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है। चुनाव की तैयारी के लिए जो लंबित काम हैं, उन्हें एक-दो दिन में पूरा कर लें। संवेदनशील जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों से तैयारी की बाबत जानकारी भी ली।
वहीं जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि मेरठ जनपद में चार लोकसभा की सात विधानसभा आती हैं। इनमें बिजनौर लोकसभा सीट में हस्तिनापुर, मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट में सरधना, बागपत लोकसभा सीट में सिवालखास विधानसभा आती हैं। मेरठ लोकसभा सीट में मेरठ कैंट, मेरठ शहर, मेरठ दक्षिण और किठौर विधानसभाएं आती हैं। इन सभी विधानसभाओं में कुल 1198 मतदान केंद्र और 2739 मतदेय स्थल हैं, जिन पर कुल 25,18,404 मतदाता हैं। उधर, प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार 11 मार्च को लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने की उम्मीद है।