वेस्ट यूपी के 14 लाख मामले हाईकोर्ट में लंबित
कांग्रेस कमेटी मानवाधिकार विभाग के मंडलीय सम्मेलन में बोले सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विपुल माहेश्वरी
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मेरठ में हाईकोर्ट बेंच की मांग के समर्थन में और मानवाधिकार हनन के बढ़ते मामलों पर कांग्रेसियों ने केंद्र और उप्र सरकार को जमकर घेरा। मोदी सरकार पर भारतीय संविधान के साथ खिलवाड़ करने के आरोप लगाए। साथ ही कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट में पश्चिम उप्र के 14 लाख मामले लंबित हैं।
उप्र कांग्रेस कमेटी मानवाधिकार, विधि व आरटीआई के राष्ट्रीय सचिव एवं सुप्रीम कोर्ट के वकील विपुल माहेश्वरी शनिवार को बागपत रोड स्थित ईहा पैलेस में आयोजित कांग्रेस कमेटी मानवाधिकार विभाग के मंडलीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट में 18 लाख मामले पेंडिंग हैं, जिनपर सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे मामलों में 14 लाख मामले पश्चिम उप्र के हैं। जिससे जनता सीधे प्रभावित हो रही है। समय रहते न्याय नहीं मिल रहा है। इसलिए पश्चिम उप्र के मेरठ में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश में मोदी और उप्र में योगी सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक मामले मानवाधिकार उत्पीड़न के बढ़े हैं। देश को जाति धर्म के नाम पर बांटा जा रहा है। अगर सुप्रीम कोर्ट नहीं होती तो देश में बहुत भयानक स्थिति होती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी देश की जनता के हित में संघर्ष कर रहे हैं। उनके अनुरूप हम सभी को भी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कराकर संघर्ष के लिए आगे आना चाहिए। देश को जातिवाद और संप्रदाय वाद से मुक्ति दिलानी है। मानवाधिकारों के हनन के मामले पर वह जनता की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक लड़ने के लिए तैयार हैं।
देश में अगली सरकार कांग्रेस की होगी
मानव अधिकार विभाग के उत्तर प्रदेश चेयरमैन वीरेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि संगठन को पंचायत स्तर गठन कर मानव अधिकारों की रक्षा की जाएगी। देश में अगली सरकार कांग्रेस की होगी। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप कंसल ने सभी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने को कहा। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद मोघा ने मेरठ जनपद मानव अधिकार हनन की घटनाओं से अवगत कराया। सम्मेलन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष चमन सिंह जाटव ने की। संचालन जयवीर सिंह ने किया। स. मनजीत सिंह कोछड़, नरेश गौतम, अशोक भारती, प्रवक्ता हरिकिशन आंबेडकर, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र सिंह, महासचिव राजेश सिंह, अनिल शर्मा, अविनाश काजला, रामकिशन यादव, रोहित राणा, सुरेंद्र फौजी, देवल दुबलिश, शायरा खान, किरण बाला, राहिला बेगम, उषा कोली, नफीसा अली, सुरेंद्र प्रजापति, राजेंद्र जाटव, इलियास कुरैशी आदि मौजूद रहे।