कांवड़ में बाधा बनी बैरिकेडिंग तोड़ी
मेरठ। दिल्ली रोड और रुड़की रोड पर बैरिकेडिंग का पूरा प्लान 16 फीट की चौड़ी कांवड़ के आगे फेल हो गया। मंगलवार तड़के बैरिकेडिंग में कांवड़ फंसी तो पुलिस ने कांवड़ियों को रोक दिया। इस दौरान गुस्साए कांवड़ियों ने दो सिपाहियों से हाथापाई कर दी। जिसके बाद कांविड़यों ने आधा किमी के दायरे बैरिकेडिंग तोड़ दी, लोहे के सरियों को भी मोड़ दिया गया।
कांवड़ यात्रा के चलते एनएच-58, दिल्ली रोड, रुड़की रोड और शहर में वनवे व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग की गई है। रुड़की रोड पर जीरो माइल चौराहे के पास से टैंक चौपले तक सड़क संकरी है। उसके बाद भी पुलिस ने बीच सड़क में लोहे के पाइप और सरिए गड़वाकर बैरिकेडिंग की थी। वहीं दिल्ली रोड पर रेलवे रोड चौराहे से भी केसरगंज तक संकरी सड़क होने के चलते भी बैरिकेडिंग कर दी। इस कारण बड़ी कांवड़ निकलने में परेशानी हो रही है।
मंगलवार रात में दिल्ली के पीतमपुरा, दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम की झांकी वाली बड़ी कांवड़ आनी शुरू हुई तो वह बैरिके डिंग होने से नहीं निकल सकीं। रात करीब तीन बजे फिर से 16 फीट चौड़ी कांवड़ बैरिकेडिंग से रुक गई। सिपाहियों ने विरोध कर कहा कि कहा कि ऐसे तो पूरी बैरिकेडिंग टूट जाएगी। इस पर गुस्साए कांवड़ियों ने सिपाहियों से हाथापाई करते हुए कहा कि कांवड़ यहीं से निकलेगी। जिसके बाद कुछ जगह पाइल उखाड़ दिए तो कई स्थानों पर बैरिकेडिंग तोड़ दी गई। यही हाल रेलवे रोड चौराहे से केसरगंज तक भी हुआ, जहां बैरिकेडिंग तोड़ी गई।
दोपहर को हटवाई बैरिकेडिंग
दोपहर को फिर से बड़ी कांवड़ आनी शुरू हो गई। इस पर रुड़की रोड पर कैंट क्षेत्र होने के चलते कैंट बोर्ड के सीईई अनुज सिंह भी मौके पर पहुंच गये। उसके बाद एसपी सिटी ने लालकुर्ती इंस्पेक्टर रघुराज सिंह और सदर बाजार पुलिस के अलावा आरएएफ भी लगा दी। एसपी सिटी ने बताया कि जहां भी संकरा रास्ता था वहां से बैरिकेडिंग दो मीटर हटवाकर लगाई गई। केसरगंज और रुड़की रोड पर सड़क के बीच से बैरिकेडिंग को हटवाया गया। कांवड़ियों के लिए दो गुना रास्ता छोड़ा गया, जबकि एक भाग पर आने जाने वाले वाहन निकलने लगे। जिसके बाद शाम होते ही जाम लग गया।
संक रे मार्ग पर नहीं लगनी चाहिए
जहां भी दिल्ली रोड पर संकरा मार्ग है वहां बैरिकेडिंग पर भी विचार किया गया था। कैँट बोर्ड के अधिकारियों ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी रहनी चाहिए, लेकिन संकरे रास्ते पर बैरिकेडिंग नहीं लगनी चाहिए थी। जिससे जाम भी नहीं लगता और पुलिस को भी परेशानी नहीं होती।