चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की समस्या पर चर्चा
मेरठ। उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर जिला शाखा के बैनर तले विभिन्न संगठनों की बैठक लोकनिर्माण विभाग मेरठ संघ कार्यालय पर हुई जिसमें कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष नारायण सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों से संबंधित कमियों को पूरा किया जाए और लोकनिर्माण विभाग की तरह सिंचाई विभाग में मैट के पद पर कर्मिकों को कनिष्ठ प्राविधिक घोषित करते हुए ग्रेड वेतन-1900 दिया जाए। इसी के साथ-साथ कनिष्ठ सहायकों के पदों पर पदोन्नति में 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जाए। बैठक का संचालन करते हुए राजवीर सिंह ने कहा कि जीएसटी लागू होने के उपरांत वाणिज्य कर विभाग के चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों एवं एक्साइज विभाग की भांति पदनाम व वेतन उनके अनूरूप समस्त लाभ मिलने चाहिए। बैठक के बाद इन्हीं सब मांगों को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के नाम एक ज्ञापन भी डीएम कार्यालय पर जिला प्रशासन को सौंपा, बैठक में सिंचाई, वाणिज्य कर, नलकूप, वन, गन्ना, उद्यान, कलक्ट्रेट, जिला पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग आदि समस्त विभागों के कर्मचारी एवं पदाधिकारी अपने-अपने बैनर के साथ उपस्थित हुए। बैठक व ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान वीरपाल सिंह, मनोहर लाल, धीरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, रामबहादुर, हरपाल सिंह, सतीश त्यागी, अमित चौहान आदि रहे।