मेरठ। मानचित्रों के आवेदन निरस्त करने के मामले में बुधवार को भाजपाइयों ने एमडीए वीसी को घेरा। कहा कि मानचित्रों के लिए किए गए आवेदन में सरकारी विभाग ही एनओसी नहीं देते हैं। इसका खामियाजा आवेदक को भुगतना पड़ता है।
भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज ने कहा कि मानचित्र का आवेदन करने पर एडीएम प्रशासन तथा नगर निगम से एनओसी मांगी जाती है। दोनों ही विभाग समय पर एनओसी नहीं देते। नतीजा एमडीए आवेदन निरस्त कर देता है। उन्होंने कहा कि एनओसी एमडीए मांगे और निर्धारित समयावधि में ले। इसमें आवेदक का क्या दोष है? उन्होंने इस बाबत आवेदनकर्ता प्रमिला जैन का उदाहरण भी दिया। इस पर वीसी साहब सिंह ने कहा कि वास्तव में यह स्थिति खराब है। इस मौके पर विवेक वाजपेयी, अरुण जिंदल आदि मौजूद रहे।
एक माह का समय दिया
वीसी ने निर्देश जारी किए कि ऐसे मानचित्र जो निरस्त हो चुके हैं उन पर पुन: विचार करते हुए एक माह का समय दिया जा रहा है। ऐसे सभी आवेदनों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। साथ ही इसमें कोई अतिरिक्त शुल्क एमडीए द्वारा नहीं लिया जाएगा।
खास बातें:
कहा विभाग नहीं देते एनओसी, नक्शे का आवेदन हो जाता है निरस्त