होटल हारमनी पर वेंडर्स ने बताए 70 लाख बकाया
मेरठ।
होटल हारमनी इन पर बकायेदारों की संख्या और कर्ज की धनराशि बढ़ती जा रही है। शनिवार को होटल में सामान सहित अन्य सुविधाओं को उपलब्ध कराने वाले वेंडर्स ने एसोसिएशन बनाकर बैनर टांग दिया। इन लोगों ने होटल पर चार से पांच माह के दौरान भुगतान न किए जाने का आरोप लगाते हुए 70 लाख रुपया बकाया होने का दावा किया है।
गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी इन के मालिक हिमांशु पुरी पर करोड़ों रुपये का कर्ज है। इस कारण वह मार्च के पहले सप्ताह में परिवार सहित फरार हो गये थे। इसके बाद सबसे पहले रिलायंस कैपिटल फाइनेंस कंपनी ने होटल पर नोटिस चस्पा करते हुए अपने 24.50 करोड़ रुपये बकाया बताए थे और इसी मामले में रिलायंस कैपिटल नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू कर चुका है। इस बीच नगर निगम ने भी जहां भवन व जल कर के करीब 15 लाख रुपये बकाया होने का नोटिस चस्पा किया तो उसके बाद जेनरेटर मालिक ने भी अपने करीब 13 लाख रुपये बकाया होने का नोटिस चस्पा कर दिया। लगातार बकायेदार आने से नीलामी प्रक्रिया भी फंस गई।
शनिवार को होटल के वेंडर्स ने अपनी एसोसिएशन बनाकर होटल के बाहर बैनर टांग दिया। इस वेंडर्स एसोसिएशन के दीपक कुमार जिन्होंने होटल में हाउस कीपिंग के लिए कर्मचारी उपलब्ध कराने का ठेका लिया हुआ था। उन्होंने बताया कि उनका होटल द्वारा चार माह का भुगतान नहीं किया गया है, जिसका 3.90 लाख रुपये बकाया है। जबकि सब्जी वाले का करीब 10 लाख, नॉनवेज सप्लाई करने वाले का करीब 14 लाख, लांड्री वाले का 10 लाख, डेयरी वाले का 16 लाख व अन्य वेंडर्स के भी बकाया है। सभी वेंडर्स का करीब 70 लाख रुपये बकाया है। दीपक कुमार ने कहा कि जब उनका भुगतान नहीं हो जाता है वह नीलामी प्रक्रिया नहीं होने देंगे। यदि कोई होटल खरीदता है तो पहले वह उनका भुगतान करेगा। इसके लिए वेंडर्स एसोसिएशन कोर्ट भी जाने की तैयारी कर रही है।