देहली गेट चौराहे पर व्यापारियों का धरना प्रदर्शन
मेरठ। देहली गेट चौराहे पर पुलिया का विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है। व्यापारियों की मांग पर निगम प्रशासन ने पुलिया निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे को भरवा दिया। लेकिन अब व्यापारी पुलिया को ऊंची न करने, पुरानी पुलिया से गंदे पानी की निकासी करने और चौराहा से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
नगर निगम ने चार माह पहले चौराहे पर पुलिया निर्माण का कार्य शुरू कराया था। व्यापारियों के विरोध पर काम बीच में ही रुक गया था। शारदा रोड के गंदे पानी की निकासी के लिए यह पुलिया बनायी जा रही थी। हालांकि पुरानी पुलिया चौराहे पर निगम की दुकानों में संचालित मिठाई की एक दुकान के आगे से गुजर रही है। व्यापारियों का आरोप है कि निगम अधिकारियों ने एक दुकान मालिक को लाभ पहुंचाने के लिए पुलिया निर्माण सड़क पर करना शुरू कर दिया। तभी से व्यापारी द्वारा दुकान का काउंटर सड़क पर लगाया जा रहा है।
पीडब्लूडी ने सड़क निर्माण शुरू किया तो नगर निगम ने अधूरी पड़ी पुलिया को बनाने के लिए सोमवार को सड़क की खुदाई कर दी थी। जिसके विरोध में व्यापारी उतर आए थे। व्यापारियों में पुराने नालों से गंदे पानी की निकासी पर सहमति बन गयी थी। जिसके आधार पर निगम ने मंगलवार को दिन निकलते ही सड़क के गड्ढे को भरवा दिया। लेकिन अब शारदा रोड व्यापार संघ एसोसिएशन के व्यापारियों ने देहली गेट चौराहा पर तंबू लगाकर धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे गिरीश गुप्ता, ब्रजेश मित्तल, रविंद्र गोयल, कुलदीप गुप्ता, रमेश शर्मा, मुकेश अग्रवाल, शशांक गुप्ता, संजय शर्मा, राजेंद्र गुप्ता, संजीव गुप्ता, भारतभूषण, सुभाष गोयल आदि का कहना है कि चौराहा को ऊंचा न कर अतिक्रमण मुक्त किया जाए। मांग पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
खास बातें:
पुरानी पुलिया से ही चाहते हैं पानी की निकासी
व्यापारी बोले, चौराहे से हटाया जाए अतिक्रमण