मवाना-रुड़की रोड पर सेना ने कराए कट बंद
मेरठ। मवाना रोड और रुड़की रोड पर हादसे रोकने के लिए सेना ने डिवाइडर पर जगह-जगह बनाए गए कटों को बंद कर दिया है। मवाना रोड पर भगत लाइंस के सामने के सारे कट बैरीकेडिंग लगाकर बंद कर दिए गए तो रुड़की रोड पर कंकरखेड़ा से आरवीसी के सामने आने वाली रोड के कट को भी बंद किया जा रहा है। बैरीकेडिंग सिर्फ ट्रायल तक के लिए है। सेना और ट्रैफिक पुलिस द्वारा इन कटों को स्थायी रूप से बंद करने की प्लानिंग है।
गंगानगर की तरफ से कमिश्नरी आवास चौराहा आने वाली सड़क एक्सीडेंट जोन में आती है। यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। सबसे ज्यादा हादसे भगत लाइंस के सामने हो रहे थे। यहां पर बने दो कटों पर अक्सर वाहन भिड़ते रहते थे। इन कटों को सेना ने बंद कर दिया है। जबसे यहां बैरीकेडिंग लगी है, तब से हादसों की संख्या काफी कम हो गई है। रुड़की रोड पर आरवीसी के सामने गांधी पार्क के बगल से आने वाली कंकरखेड़ा रोड वाले कट को भी बंद करने की तैयारी हो गई है। सेना यहां भी एक-दो दिन में बैरीकेडिंग लगाकर कट बंद कर देगी।
आरवीसी के सामने आएगी समस्या
सेना और ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि सीधे आने वाले वाहन स्पीड में होते हैं। ऐसे में यहां हादसे होते हैं। ऐसे में जो प्लानिंग की जा रही है, उसके भी कामयाब होने की उम्मीद कम लग रही है। प्लान है कि इस कट को पूरी तरह से बंद कर दिया जाए। इसके बाद कंकरखेड़ा की तरफ से जो वाहन रुड़की रोड पर टैंक चौराहे की तरफ आएंगे वे लेखानगर की तरफ से जाकर आगे डिवाइडर से टर्न लेकर दूसरी साइड आएं। परेशानी ये है कि पीर वाला कट बेहद छोटा है। ऐसे में यहां से वाहनों को मोड़ने पर मोदीपुरम की तरफ से आने वाले वाहनों से भिड़ंत हो सकती है। हालांकि इन तथ्यों पर बाद में गौर किया जाएगा। फिलहाल सेना और ट्रैफिक पुलिस यहां पर बैरियर लगाकर कटों को बंद कर रही है। दस दिन के ट्रायल के बाद स्थिति साफ हो जाएगी। कैंट में कई दूसरी कई जगहों पर भी सेना ने डिवाइडर पर बनाए गए अतिरिक्त कटों को बैरीकेडिंग लगाकर बंद कर दिया है।
खास बातें:
हादसों को रोकने के लिए सेना और ट्रैफिक पुलिस कर रही है ट्रायल